J&K: तहरीक-ए-हुर्रियत से आतंकियों की भर्ती, सुरक्षा ठिकानों पर बड़े हमले की साजिश, एजेंसियां अलर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कश्मीर में अलगाववादी संगठन तहरीक-ए -हुर्रियत से जुड़े युवा भी आतंकी संगठनों में शामिल हो रहे हैं। अलगाववादी संगठन अब तक स्थानीय आतंकियों के साथ हमदर्दी जताते रहे हैं लेकिन अब इस संगठन के कार्यकर्ताओं के बंदूक उठाने के मामले सामने आ रहे हैं। तहरीक-ए- हुर्रियत के एक दर्जन से अधिक युवाओं के हिजबुल मुजाहिदीन में शामिल होने की सूचना है।
शोपियां के द्रगाद में तहरीक-ए-हुर्रियत से जुड़े रहे एक आतंकी के रिश्तेदार के घर ही हिजबुल और लश्कर- ए-तैयबा की संयुक्त मीटिंग हो रही थी। जहां मुठभेड़ में 7 आतंकी मारे गए। आतंकी संगठनों को अलगाववादी संगठनों की मदद बढ़ी है। तहरीक -ए-हुर्रियत के नए मुखिया मोहम्मद अशरफ सेहरई के बेटे जुनैद अशरफ के आतंकी बनने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू की तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं।
इस अलगाववादी संगठन से जुड़े एक दर्जन से अधिक युवा अब आतंकी बन चुके हैं। द्रगाद में शनिवार की रात 7 आतंकी रफीक अहमद नेनग्रू की पत्नी के आवास पर जमा हुए थे। वह हिजबुल आतंकी जुबैर तुर्रे की रिश्तेदार है। जुबैर पहले तहरीक -ए- हुर्रियत में था। पत्थरबाजी में उस पर दो दर्जन एफआईआर दर्ज हैं। उस पर पीएसए भी लगा और गिरफ्तारी के बाद वह पिछले साल कीगाम में पुलिस हिरासत से भाग निकला था। बाद में वह हिजबुल में शामिल हो गया। अलगाववादी संगठन से आतंकी संगठन में जाने के सभी मामलों की जांच शुरू कर दी गई है।
आतंकी अब बड़े हमले की फिराक में
शोपियां और अनंतनाग में मुठभेड़ में 13 आतंकियों के मारे जाने के बाद आतंकी संगठनों ने बड़े हमले की साजिश रची है। सुरक्षा एजेंसियों को इनपुट मिले हैं कि लश्कर और हिजबुल के आतंकी सेना, सीआरपीएफ, पुलिस और सुरक्षाबलों के अन्य ठिकानों पर बड़े हमले की साजिश रच रहे हैं। पूरे कश्मीर और जम्मू संभाग में इस बाबत सतर्कता बरती जा रही है। दक्षिणी कश्मीर में मौजूद आतंकियों को पाकिस्तान में बैठे आकाओं से हमले के लिए निर्देश मिले हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने ऐसे संदेशों को पकड़ा है। आतंकी संगठन गर्मी के मौसम में भारी उपद्रव की साजिश के तहत सोशल मीडिया के जरिए अफवाहें भी फैला रहे हैं।
हम सतर्क : डीजीपी
डीजीपी एसपी वैद ने कहा है कि शोपियां में 12 और अनंतनाग में एक यानी कुल 13 आतंकियों के मारे जाने के बाद आतंकी संगठन बड़े हमले की तैयारी में हैं लेकिन हम सतर्क हैं। अंतिम आतंकी के सफाए तक हम चैन से नहीं बैठने वाले हैं। सुरक्षाबलों का अभियान चल रहा है और साजिश रचने वाले आतंकी मारे जाएंगे।
गिरफ्तार आतंकी स्थानीय, पूछताछ जारी
डीजीपी ने कहा कि मुठभेड़ के दौरान जिंदा पकड़ा गया आतंकी स्थानीय है। उससे पूछताछ के बाद उसके बारे में जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। डीजीपी ने कहा कि आतंकी संगठनों में स्थानीय युवकों की भर्ती चिंता का विषय है। हम इसे रोकने की कोशिश कर रहे हैं। पढ़े-लिखे युवाओं को बरगलाकर आतंकी बनाने वाले तंत्र को ध्वस्त किया जा रहा है।