{"_id":"570a67114f1c1b6158c810c8","slug":"upmt-exam-2016","type":"story","status":"publish","title_hn":"UPMT: दाखिला कराने वालों की संख्या पहुंची 9 हजार के पार","category":{"title":"Campus","title_hn":"कैंपस ","slug":"campus"}}
UPMT: दाखिला कराने वालों की संख्या पहुंची 9 हजार के पार
ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
Updated Sun, 10 Apr 2016 08:15 PM IST
विज्ञापन
परीक्षा फॉर्म
राज्य कोटे की एमबीबीएस और बीडीएस सीटों पर दाखिले के लिए होने वाली यूपीएमटी परीक्षा में ऑनलाइन आवेदन करने वाले युवाओं की संख्या नौ हजार पार पहुंच गई है। 21 मार्च से शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया अभी 25 अप्रैल तक चलनी है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस साल 15 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी यूपीएमटी की परीक्षा देंगे।
विज्ञापन
एचएनबी मेडिकल विश्वविद्यालय की ओर से उत्तराखंड प्री मेडिकल प्री डेंटल टेस्ट (यूपीएमटी) का आयोजन 15 मई 2016 को विभिन्न केंद्रों पर होना है। इसकी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 21 मार्च से शुरू हुई थी। महज 21 दिन में आवेदनों की संख्या 9058 पहुंच गई है। हालांकि इनमें अभी तक 7912 अभ्यर्थियों ने अपना शुल्क जमा किया है।
विज्ञापन
बढ़ती जा रही संख्या
विवि के कुलसचिव प्रो. विजय जुयाल ने बताया कि अभी आवेदन प्रक्रिया 25 अप्रैल तक चलनी है। प्रदेश में इस वक्त एमबीबीएस की राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में 85, राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में 85 और एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज में 25 सीटें हैं।
विज्ञापन
हिमालयन मेडिकल कॉलेज में सीटें मिलने की स्थिति साफ नहीं है जबकि राजकीय दून मेडिकल कॉलेज का अभी एमसीआई ने निरीक्षण नहीं किया है।
यानी एमबीबीएस की 195 और बीडीएस की कुल 100 सीटों के लिए अब तक आठ हजार आवेदन आ चुके हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि आवेदनों की संख्या 15000 पार पहुंच जाएगी। ऐसे में मुकाबला काफी कठिन साबित होने वाला है।
यहां होगा परीक्षा का आयोजन
अल्मोड़ा, देहरादून, हल्द्वानी, श्रीनगर, गोपेश्वर और उत्तरकाशी।
महत्वपूर्ण तिथियां
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि : 25 अप्रैल 2016
प्रवेश पत्र वेबसाइट से डाउनलोड की तिथि : 5 मई 2016
प्रवेश परीक्षा की तिथि : 15 मई 2016(सुबह दस से दोपहर एक बजे तक)
परीक्षाफल जारी करने की तिथि : 31 मई 2016 तक
यहां करें आवेदन : www.hnbumu.ac.in