J&K: बारहवीं की मेरिट सूची में बेटियों ने फिर परचम लहराया
- बारहवीं की मेरिट सूची में 100 में से 64 पर कब्जा
- पास प्रतिशत में भी आगे रहीं
- परीक्षाओं में कुल 49 फीसदी विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
समर जोन की बारहवीं की परीक्षाओं में एक बार फिर बेटियों ने परचम लहराया है। वे मेरिट के साथ पास प्रतिशत में भी आगे रहीं। जम्मू-कश्मीर स्टेट बोर्ड आफ स्कूल एजूकेशन की ओर से घोषित परीक्षा परिणामों के साइंस, कामर्स, आर्ट्स और होम साइंस विषयों की मेरिट सूची के टाप टेन में 100 विद्यार्थियों ने स्थान हासिल किया।
इसमें 64 पर लड़कियों और 36 पर लड़कों ने कब्जा जमाया। परीक्षा परिणामों में कुल 42234 विद्यार्थियों में से 20849 (49 फीसदी) उत्तीर्ण हुए हैं। पिछले साल भी 49 फीसदी विद्यार्थी सफल हुए थे। लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत पिछले साल के मुकाबले लड़कों से एक फीसदी अधिक रहा।
आर्ट्स, कामर्स और साइंस विषय की परीक्षाओं में कुल 19609 छात्राएं बैठीं, जिसमें 54 फीसदी के साथ 10529 छात्राएं सफल हुईं। छात्रों में कुल 22625 में से 46 फीसदी के साथ 10320 उत्तीर्ण हुए।
परीक्षाओं में कुल 49 फीसदी विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए
मेरिट सूची में साइंस विषय में सेंट जेवियर कान्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल बरनाई जम्मू की मुस्कान भान ने 97.8 फीसदी (489 अंक) और ब्रहमऋषि बावरा शांति विद्यापीठ एचएसएस उधमपुर की विजय लक्ष्मी ने 97.8 फीसदी (489 अंक) के साथ पहली पोजीशन हासिल की।
आर्ट्स विषय में शिक्षा निकेतन हायर सेकेंडरी स्कूल जीवन नगर जम्मू की चेतना ने 95.4 फीसदी (477 अंक), कामर्स विषय में शिक्षा निकेतन हायर सेकेंडरी स्कूल जीवन नगर जम्मू की पलक गुप्ता ने 96.8 फीसदी (484 अंक) और होम साइंस विषय में गवर्नमेंट गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल मुबारक मंडी की इकरा बानो ने 72.6 फीसदी (363 अंक) के साथ पहले स्थान पर कब्जा जमाया।
नतीजों में लड़कों में आर्ट्स विषय में कुल 9392 में से 2424, कामर्स में कुल 1691 में से 986 और साइंस विषय में कुल 11542 में से 6910 छात्र उत्तीर्ण हुए। लड़कियों में आर्ट्स विषय में कुल 11121 में से 4931, कामर्स में कुल 986 में से 797 और साइंस विषय में कुल 7502 में से 5341 छात्राएं उत्तीर्ण हुईं।
संबंधित विषयों में से सबसे अधिक ट्रैवल टूरिज्म एंड होटल मैनेजमेंट में सौ फीसदी विद्यार्थी सफल हुए। पंजाबी विषय में यह फीसदी 97 रहा। एक्सटेंशन एजूकेशन में 94 फीसदी विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। बोर्ड के अनुसार परीक्षा नतीजों की घोषणा के पंद्रह दिन के भीतर आगामी परीक्षाओं के लिए विद्यार्थी आवेदन करेंगे।