10वीं की परीक्षा में हरियाणा में टॉपर बनीं लाडो, जानिए क्या है सपना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा बोर्ड 10वीं में महेंद्रगढ़ की अनन्या 500 में से 494 अंकों के साथ प्रदेश टॉपर है। वहीं 492 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही ऐलनाबाद की संदीप कौर। और दोनों का ही सपना यूपीएससी है।हरियाणा बोर्ड 10वीं में महेंद्रगढ़ की बेटी आन्या 500 में से 494 अंकों के साथ प्रदेश टॉपर है।
जिले के गांव सुरजनवास स्थित बीआर ज्ञानदीप स्कूल की छात्रा अनन्या ने अमर उजाला के साथ विशेष बातचीत के दौरान बताया, मेरी उपलब्धियों से मेरे परिजन और गौरवान्वित हों ताकि समाज में बेटियों के लिए एक सकारात्मक संदेश जाए। आईएएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करने का मेरा सपना है। अनन्या ने 500 में से 494 अंक प्राप्त किए हैं। आन्या के पिता शुभकरण सरकारी स्कूल में अध्यापक हैं और मां किरण देवी गृहणी।
अनन्या ने कहा कि अगर किसी मंजिल को पाने के लिए व्यक्ति दृढ़ संकल्पित हो जाए तो उसे कोई रोक नहीं सकता। न संसाधनों की कमी बाधा बनती है और न ही गरीबी। इसके लिए महत्वपूर्ण है कि संकल्प के प्रति ईमानदारी से कड़ी मेहनत की जाए। ऐसा संकल्पित व्यक्ति ही समाज में बदलाव लाता है और नेतृत्व करता है। अनन्या ने कहा कि वह सदा ही कुछ नया करने में विश्वास रखती है, देश और समाज के लिए बहुत कुछ करने का उसका सपना है। इसके लिए अभी से मेहनत शुरू कर दी है।
अनन्या ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिजनों और अध्यापकों तथा स्कूल प्रबंधन को दिया। अनन्या की मां किरण ने कहा कि विश्वास था कि बेटी का रिजल्ट बहुत अच्छा रहेगा। अनन्या के जिला टॉप करने की उम्मीद थी। लेकिन उसने अपनी मेहनत से प्रदेश में टॉपर करके उम्मीद से भी बढ़कर रिजल्ट दिया है।
बिना कोई ट्यूशन लिए मैकेनिक की बेटी ने हासिल किया मुकाम
इरादे मजबूत हो तो कोई भी अभाव मंजिल तक पहुंचने की राह में रोड़ा नहीं बन सकते। कठिन परिश्रम, समर्पण और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी है। यदि ये सब विद्यार्थी में है तो उसका लक्ष्य तक पहुंचना तय है। कुछ ऐसा ही कर दिखाया है हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 10वीं के परीक्षा परिणाम में हरियाणा में दूसरा और जिला टॉप करने वाली सरस्वती हाईस्कूल की छात्रा संदीप ने।
ऐलनाबाद वार्ड 12 के मध्यवर्गीय नामधारी परिवार के पंप टेसि्टंग मैकेनिक बूटा सिंह की बेटी संदीप कौर ने 10वीं में कुल 500 में से 492 अंक (98.4 प्रतिशत) प्राप्त किए हैं। बिना कोई ट्यूशन लिए उसने यह मुकाम हासिल किया और अपने अभिभावकों और स्कूल का नाम रोशन किया है। पिता बूटा सिंह और माता बलजीत कौर बेटी का रिजल्ट देख फूले नहीं समा रहे हैं। आखिर उनके संघर्ष को नई पहचान जो मिली है। आर्थिक स्थिति में अनेक उतार-चढ़ाव आने के बावजूद बूटा सिंह ने अपनी बेटी को पढ़ाया।
अभावों से जूझते परिवार और माता-पिता के सपने को पूरा करने के लिए संदीप कौर ने दिनरात पढ़ाई की। सफलता पाने वाली संदीप कौर परिवार की पहली आईएएस बनने तमन्ना रखती है और समाजसेवा करना चाहती है। संदीप कौर ने इस कामयाबी का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया। फिलहाल संदीप कौर 11वीं के लिए नचिकेतन पब्लिक स्कूल में प्रवेश ले रही है। संदीप कौर ने बताया कि उसने इससे पहले की सभी कक्षाएं भी अव्वल श्रेणी में उत्तीर्ण की है और स्कूल समय के अलावा रोजाना सात घंटे नियमित रूप से घर पर पढ़ाई की। उसने आज तक कभी भी ट्यूशन का सहारा नहीं लिया। संदीप कौर का बड़ा भाई पंजाबी विश्वविद्यालय पटियाला में एलएलबी का छात्र है।