हाई हील पहनी तो JEE एडवांस एग्जाम में नो एंट्री
- मेडिकल प्रवेश परीक्षा के बाद अब जेईई एडवांस में पाबंदी
- हवाई चप्पल या सैंडल पहनने पर ही मिलेगी एंट्री
विस्तार
मेडिकल की प्रवेश परीक्षा एआईपीएमटी में नकल माफियाओं का चक्रव्यूह तोड़ने के नाम पर अजीब नियम लागू किया गया है। पहली बार आईआईटी की प्रवेश परीक्षा ‘जेईई एडवांस’ में भी ड्रेस कोड लागू कर दिया गया है। अगर कोई छात्रा हाई हील या छात्र जूते पहनकर एग्जाम देने आया तो उसे एंट्री नहीं दी जाएगी। आईआईटी ने हाल ही में पूरा ड्रेस कोर्ड वेबसाइट पर जारी किया है।
इन चीजों पर प्रतिबंध
जेईई एडवांस परीक्षा का आयोजन देशभर में 22 मई को होने जा रहा है। परीक्षा से ठीक पहले ड्रेस कोड लागू किया गया है। इसका मकसद नकलविहीन परीक्षा कराना है।
इसके मुताबिक छात्राओं के नेकलेस, रिंग, कंगन, चूड़ी, गले के लॉकेट, हाथ के लॉकेट, किसी भी तरह की पट्टी, ईयर रिंग्स और हाई हील पर पाबंदी लगा दी गई है। इसके अलावा छात्रों के लिए किसी भी तरह के जूते, मोबाइल, वॉच, कैलकुलेटर, लैपटॉप, वाईफाई डिवाइस आदि पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है।
यह ले जाने की इजाजत, फुल स्लीव्स भी बैन
वैसे तो एग्जामिनेशन हॉल में सभी बाहरी चीजें ले जाने पर पाबंदी लगाई गई है। केवल ब्लैक बॉल प्वाइंट पेन, पेंसिल, छोटा इरेजर ले जाने की अनुमति दी गई है।
फुल स्लीव्स की शर्ट पहनकर न जाएं
एआईपीएमटी के ड्रेस कोड में देशभर में सबसे प्रमुख मुद्दा मुस्लिम छात्राओं के हिजाब को लेकर बना था लेकिन यहां हिजाब को लेकर कोई चर्चा ही नहीं की गई है। हां, छात्राओं को ताकीद की गई है कि वह केवल हाफ स्लीव्स वाली कुर्ती पहनकर ही एग्जाम देने आएं। छात्रों के लिए भी नियम बनाया गया है कि वह हाफ स्लीव्स वाली शर्ट या टीशर्ट पहनकर एग्जाम हॉल में आएं। यहां हल्के रंग के कपड़ों को लेकर कोई नियम जारी नहीं हुआ है।