एक साल में एनसीआर में बिके केवल 46920 मकान, छह फीसदी का हुआ इजाफा: एनारॉक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पिछले एक साल में दिल्ली-एनसीआर में केवल 46920 मकानों की बिक्री हुई है। पिछले साल के मुकाबले इसमें छह फीसदी का इजाफा हुआ है। संपत्ति सलाहाकर कंपनी एनारॉक ने अपनी एक रिपोर्ट में इस बात की जानकारी दी है। अफोर्डेबल और रेडी-टू मूव फ्लैटों की मांग होने के कारण यह इजाफा देखने को मिला है।
स्थिर हैं कीमतें
एनारॉक की रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में फ्लैट की कीमतें 4600 रुपये प्रति वर्ग फुट पर स्थिर रही हैं। इस दौरान बिना बिके मकानों की संख्या 1,86,714 से गिरकर 1,75,079 हो गई है। देश के सात प्रमुख शहरों में बिक्री पांच फीसदी बढ़कर के 2,61,370 हो गई है। यह पिछले साल 2,48,310 यूनिट रही थी। हालांकि वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में बिक्री 22 फीसदी गिरकर के 1,14,250 यूनिट रह गई जो पहले छह माह में 1,47,120 यूनिट रही थी।
एनारॉक के चेयरमैन अनुज पुरी ने कहा कि रियल एस्टेट में पूंजी की कमी, घर खरीदारों में अनिश्चिता और जीडीपी में गिरावट के चलते यह देखने को मिला है। डाटा के अनुसार मकान या फिर फ्लैट की सबसे ज्यादा बिक्री मुंबई मेट्रोपोलिटन रीजन (एमएमआर) में देखने को मिली, जहां पर इसमें 22 फीसदी का इजाफा देखने को मिला। पुणे में 18 फीसदी का इजाफा, दिल्ली-एनसीआर में छह फीसदी और चेन्नई में चार फीसदी का इजाफा हुआ। वहीं बंगलूरू में 12 फीसदी और कोलकाता व हैदराबाद में 11 फीसदी की गिरावट देखने को मिली।
कोलकाता और एनसीआर को छोड़कर के देशके अन्य प्रमुख शहरों में कीमतें एक फीसदी बढ़ गईं। दिल्ली-एनसीआर में कीमतें न बढ़ने के बावजूद फ्लैट की उतनी बिक्री नहीं हुई, जितना पहले अनुमान लगाया गया था।