सस्ते घर खरीदने के लिए ईपीएफओ का नया प्लान
सस्ते घरों की खरीदारी के लिए कर्मवारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) अपने सदस्यों को भविष्य निधि (पीएफ) फंड को गिरवी रखने की अनुमति दे सकता है। 16 सितंबर को होने वाली बैठक में ईपीएफओ के ट्रस्टी इस प्रस्ताव पर विचार करेंगे।
ईपीएफओ के लिए निर्णय लेने वाली शीर्ष इकाई सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (सीबीटी) बैठक के एजेंडा के तहत सदस्यों को घर की सुविधा देने वाली विशेषज्ञ कमेटी की रिपोर्ट पर विचार करेगा।
कमेटी ने सर्वसम्मति से एक स्कीम का सुझाव दिया था कि सदस्यों को घर खरीदने के लिए पीएफ में संचित पैसों से अग्रिम राशि प्राप्त करने की सुविधा मिले और वे भविष्य के अपने पीएफ अंशदान को मासिक किस्तों के तौर पर गिरवी रख सकें।
ईपीएफओ ने दिया सुझाव
प्रस्तावित स्कीम के अंतर्गत सदस्य, बैंक या हाउसिंग फाइनेंस कंपनी और ईपीएफओ के बीच भविष्य के पीएफ अंशदान को मासिक किस्तों में भुगतान करने के लिए त्रिपक्षीय समझौता होगा।
समिति ने सुझाव दिया है कि इस स्कीम के तहत सदस्य रहने के लिए घर की खरीदारी बैंक या हाउसिंग फाइनेंस कंपनियों की सहायता से करेगा और कर्ज चुकाने तक घर पर बैंक या हाउसिंग फाइनेंस कंपनियों का मालिकाना हक रहेगा।
यह सुझाव कम आय वर्ग के औपचारिक कर्मचारियों के लिए दिया गया है जो ईपीएफओ के सदस्य हैं और अपने पूरे सेवा काल के दौरान घर नहीं खरीद सकते। इसके अलावा सीबीटी ईडीएलआई के तहत बीमा का सम एश्योर्ड 3.6 लाख से बढ़ा कर 5.5 लाख करने पर भी विचार करेगा।