स्थानीय खबरों को बढ़ावा देगा फेसबुक, करेगा 300 मिलियन डॉलर का निवेश
सोशल मीडिया कंपनी फेसबुक अब पत्रकारिता में निवेश करने जा रहा है। कंपनी ने मंगलवार को घोषणा करते हुए कहा वो अगले तीन सालों में 300 मिलियन डॉलर का निवेश करेगा।
स्थानीय खबरों को देगा बढ़ावा
फेसबुक अपने कई प्रोजेक्ट्स के जरिए स्थानीय खबरों को बढ़ावा देगा। समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक डिजिटल युग में लोगों को आसानी से स्थानीय खबरें नहीं मिल पाती हैं। इस वजह से कंपनी ने यह कदम उठाया है।
कंपनी के ग्लोबल न्यूज पार्टनरशिप के उपाध्यक्ष कैंबेल ब्राउन ने कहा कि फेसबुक यह निवेश समाचार कार्यक्रम, पार्टनरशिप और कंटेंट पर करेगा। फेसबुक के इस कदम से उन अखबारों को सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा, जिनकी प्रसार संख्या में लगातार कमी देखने को मिल रही है।
राष्ट्रीय के बजाए लोकल खबरों को स्थान
फेसबुक ने कहा है कि वो राष्ट्रीय स्तर की खबरों को अपने प्लेटफॉ्र्म पर देने के बजाए स्थानीय खबरों को बढ़ावा देगा। ऐसा इसलिए क्योंकि लोग स्थानीय खबरें ज्यादा पढ़ना चाहते हैं।
लांच किया यह फीचर
कंपनी ने टुडे इन के नाम से एक नया फीचर लांच किया है जिसमें यूजर्स को गुमशुदा हुए व्यक्तियों, सड़क बंद, अपराध समाचार, स्कूल व कॉलेज से जुड़ी खबरें दी जा रही हैं। फिलहाल इस फीचर को अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया में शुरू किया गया है।