पावरबॉल जैकपॉट की जीत दिलाएगी 1.3 अरब डॉलर
अमेरिकी बहु-राज्यीय पावरबॉल लॉटरी की रकम रविवार को बढ़कर 1.3 अरब डॉलर पहुंच गई जो एक नया विश्व रिकॉर्ड है।
रिकॉर्ड नौ हजार लाख डॉलर के जैकपॉट का कोई विजेता नहीं बन पाया क्योंकि किसी भी टिकट धारक के पास 32-16-19-57-34 की जादुई संख्या और पावरबॉल संख्या 13 नहीं थी।
अब अमेरिकी जनता रातों रात धनी बनने के सपने देख रही है। इस पावरबॉल लॉटरी का अगला ड्रॉ 1.3 अरब डॉलर के लिए होगा। गौरतलब है कि इस लॉटरी का ड्रॉ प्रत्येक बुधवार और शनिवार को स्थानीय समय के अनुसार 10.59 बजे होता है।
44 राज्यों में खेली जाती है ये लॉटरी
44 राज्यों में खेली जाने वाली इस लॉटरी की पुरस्कार राशि कई सप्ताह से बढ़ रही है क्योंकि इसके ड्रॉ से कोई बड़ा विजेता नहीं मिल पाया है। यह जैकपॉट 4 नवंबर को शुरू हुआ था उस समय इसकी राशि 400 लाख डॉलर थी।
शनिवार से पहले तक इसे 19 बार आगे बढ़ाया गया और पुरस्कार की राशि बढ़कर रिकॉर्ड 1.3 अरब डॉलर पहुंच गई।
लॉटरी की राशि बढ़ने के साथ ही रातों रात धनवान बनने का सपना देख रहे अमेरिकियों में इसकी टिकट खरीदने की होड़ लग गई है। अब देखना होगा कौन इस जैकपॉट को जीतने में कामयाब होता है।