ऑनलाइन खरीदेंगे LPG सिलेंडर तो मिलेगा सस्ता
कैशलेस ट्रांजेक्शन के जरिए पेट्रोल-डीजल खरीदने पर 0.75% डिस्काउंट देने के बाद अब सरकार ने LPG सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग पर भी 5 रुपए की छूट देने की घोषणा की है। सरकार के निर्देशों के बाद ऑयल कंपनियों ने ये ऑफर शुरू किया है।
कंपनियां ग्राहकों को मोबाइल पर एसएमएस करके ऑफर की जानकारी भी दे रही हैं।
गौरतलब है कि सरकार ने ऑयल कंपनियों से डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने के लिए जरूरी कदम उठाने के लिए कहा था। इसके पहले पेट्रोल, डीजल के डिजिटल पेमेंट और रेलवे सर्विसेस में भी कैशलेस पेमेंट पर डिस्काउंट का ऐलान किया गया था।
ये है ऑफर
सार्वजानिक क्षेत्र की इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड कंपनियों ने ये ऑफर दिया है। इनके ऑफिशियल स्टेटमेंट में कहा गया है कि जो कस्टमर्स ऑनलाइन बुकिंग या पेमेंट करेंगे, उन्हें हर सिलेंडर पर 5 रुपए की छूट दी जाएगी।
इंसेंटिव मिलने से ज्यादा से ज्यादा कस्टमर कैशलेस ट्रांजैक्शन की ओर शिफ्ट होंगे। बयान में कहा गया है कि ग्राहक सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग करते समय नेट बैंकिंग, क्रेडिट व डेबिट कार्ड से भुगतान कर सकते हैं। ऐसा करते वक्त उन्हें तय मूल्य से पांच रुपये प्रति सिलेंडर कम का भुगतान करना होगा।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली में सब्सिडी वाला एलपीजी सिलेंडर इस समय 434.71 रुपये का है। जबकि बिना सब्सिडी वाले सिलेंडर की कीमत 585 रुपए है। छूट के बाद सब्सिडाइज्ड सिलेंडर करीब 430 रुपए का और नॉन-सब्सिडाइज्ड सिलेंडर 580 रुपए का मिलेगा।