एसएमएस की जगह अब व्हाट्सएप पर मिलेगा फ्लाइट, होटल बुकिंग का अलर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आने वाले दिनों में फ्लाइट या होटल की बुकिंग का अलर्ट मोबाइल पर एसएमएस से नहीं, बल्कि व्हाट्सएप के जरिये मिलेगा, क्योंकि व्हाट्सएप बिजनेस इंटरप्राइजेज के लिए अपना प्लेटफॉर्म खोलने जा रही है।
इसके जरिये कंपनियां 24 घंटे अपने मैसेज, अलर्ट या विज्ञापन सीधे ग्राहकों के व्हाट्सएप नंबर पर भेज सकेंगी, जिससे कंपनियों को न सिर्फ डिलीवरी की पुख्ता जानकारी मिलेगी, बल्कि उनकी लागत भी कम आएगी।
व्हाट्सएप ने मेक माई ट्रिप के साथ 24 घंटे अपनी सेवा मुहैया कराने का करार किया है, जबकि ऐसी ही कई कंपनियों के साथ उसकी बातचीत चल रही है। इससे पहले उसने सीमित दायरे में बुक माई शो और रेड बस के साथ करार किया था।
देश में टैक्सी सेवा मुहैया कराने वाली कंपनियां ओला, उबर और ऑनलाइन खानपान सेवा मुहैया कराने वाली कंपनी जोमैटो भी जल्द ही व्हाट्सएप से सेवाएं लेने जा रही हैं। देश में 22 करोड़ से भी ज्यादा लोग व्हाट्सएप का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में निजी कंपनियां इस व्यवस्था के जरिये ग्राहकों से ज्यादा बेहतर तरीके से जुड़ सकेंगी।
व्हाट्सएप न होने पर अलर्ट मैसेज
वर्तमान में ग्राहकों को अलर्ट मैसेज को लेकर कोई शंका होने पर समाधान के लिए कंपनी से चैट नहीं कर सकते, जबकि व्हाट्सएप में इस संबंध में तत्काल पूछताछ की जा सकेगी। दरअसल, कंपनियां आमतौर पर इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से मैसेज भेजती हैं, जिस पर जवाब देना संभव नहीं है।
ऐसे में कंपनियों के व्हाट्सएप पर आने से ग्राहकों को सहूलियत होगी। हालांकि, जो लोग व्हाट्सएप का उपयोग नहीं करते, उन्हें कंपनियों को मैसेज ही भेजना होगा। कंपनियों की व्हाट्सएप की सेवाएं लेने की सबसे बड़ी वजह कम लागत है।
कंपनियों को आएगी कम लागत
कंपनियों के बढ़ते रुझान को लेकर व्हाट्सएप बिजनेस इंटरप्राइजेज प्लेटफॉर्म तैयार कर रही है। यह प्लेटफॉर्म अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समान शुल्क पर काम करेगा। जबकि अलर्ट मैसेज के मामले में ऐसा नहीं है, क्योंकि देश बदलते ही सेवा शुल्क भी बदल जाता है।
इसके अलावा, भेजे गए संदेश को ग्राहक ने देखा या नहीं, इसकी जानकारी कंपनियों को होगी। जैसे फ्लाइट बुक कराने या देरी सहित अन्य मसलों पर भेजे गए अलर्ट पर संदेश नहीं मिलने की शिकायत ग्राहक नहीं कर सकेगा।