खरीदारी से चूक गए तो फिर आ रहा ऑनलाइन सेल का मौका, मिलेगी 90 फीसदी की छूट
- फ्लिपकार्ट, अमेजन और स्नैपडील जैसी ई-कॉमर्स कंपनियां इस सप्ताह एक बार फिर कर रहीं सेल का आयोजन
- 90 फीसदी तक की छूट पा सकते हैं उपभोक्ता फैशन ब्रांड पर
- दशहरे से दिवाली के बीच तीन सेल का होता है आयोजन
- घरेलू उपकरण और टेलीविजन पर पा सकते हैं 60 फीसदी तक छूट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फ्लिपकार्ट, अमेजन और स्नैपडील जैसी ई-कॉमर्स कंपनियां इसी सप्ताह एक बार फिर से सेल का आयोजन करने वाली हैं। इस दौरान उपभोक्ता फैशन ब्रांड पर 90 फीसदी तक, मोबाइल फोन पर 40 फीसदी तक और घरेलू उपकरण और टेलीविजन पर 60 फीसदी तक की छूट पा सकते हैं।
इन कंपनियों ने छूट के अलावा किसी खास बैंक के क्रेडिट और डेबिट कार्ड से खरीदारी करने पर 25 फीसदी तक कैश बैक देने की घोषणा है। हालांकि, इसे पाने के लिए न्यूनतम खरीदारी और अधिकतम छूट की कुछ शर्तें भी जुड़ी होंगी।
अमेजन इंडिया के एक अधिकारी ने कहा कि दशहरे से दिवाली के बीच तीन ‘महासेल’ का आयोजन किया जाता है। 29 सितंबर से 4 अक्तूबर के बीच एक का आयोजन हो गया। दूसरा सेल रविवार से शुरू होगा, जबकि तीसरे सेल धनतेरस के आसपास किया जाएगा।
मिलेगी 10 फीसदी इंस्टेंट छूट
अमेजन इंडिया अपना आगामी सेल 13 से 17 अक्तूबर के बीच ला रही है। इस दौरान आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट और डेबिट कार्ड से खरीदारी पर 10 फीसदी की इंस्टेंट छूट मिलेगी। कंपनी का कहना है कि सेल के दौरान स्मार्टफोन, टेलीविजन, घरेलू उपकरण और फैशन सभी पर काफी छूट मिलेगी।
स्मार्टफोन की बात करें तो एपल, श्याओमी, वन प्लस, सैमसंग, वीवो एवं अन्य कंपनियों के स्मार्टफोन पर 40 फीसदी तक की छूट होगी, जबकि टेलीविजन और अन्य घरेलू उपकरणों पर 60 फीसदी तक की छूट मिलेगी। फैशन श्रेणी में उपभोक्ता 90 फीसदी तक छूट पा सकते हैं।
छोटे शहर और गांवों पर फोकस
घरेलू ई-कॉमर्स कंपनी स्नैपडील 11 से 13 अक्तूबर के बीच सेल का आयोजन करने वाली है। कंपनी बैंक ऑफ बड़ौदा के क्रेडिट कार्ड पर 10 फीसदी अतिरिक्त छूट देगी। इसके अलावा इसी बैंक के डेबिट कार्ड पर 20 फीसदी, रुपे डेबिट या क्रेडिट कार्ड पर 20 फीसदी, पंजाब नेशनल बैंक के डेबिट या क्रेडिट कार्ड पर 25 फीसदी, रत्नाकर बैंक लिमिटेड के डेबिट या क्रेडिट कार्ड पर 15 फीसदी और फेडरल बैंक के डेबिट कार्ड पर 15 फीसदी की छूट दे रही है।
स्नैपडील के प्रवक्ता का कहना है कि उनका फोकस छोटे शहर और गांवों पर है। वहां अधिकतर लोगों के पास रुपे का डेबिट कार्ड है, जो जनधन खाते के साथ निशुल्क मिलता है। इसलिए उनकी सुविधा को ध्यान में रखकर यह व्यवस्था की गई है।
फ्लिपकार्ट का अमेजन से प्रतिस्पर्धा
अमेरिकी कंपनी वालमार्ट के स्वामित्व वाली फ्लिपकार्ट का अगला सेल 12 से 16 अक्तूबर के बीच आएगा। अमेजन से कड़ी प्रतिस्पर्धा करने वाली इस कंपनी के यहां भी उसी तरह के लुभावने ऑफर आ रहे हैं। हालांकि, कंपनी के प्रवक्ता ने इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी देने से इंकार किया।
लेकिन एक अधिकारी का कहना है कि अमेजन के मुकाबले फ्लिपकार्ट अधिक छूट और ऑफर देगी। इस बार फ्लिपकार्ट ने एसबीआई के क्रेडिट और डेबिट कार्ड पर 10 फीसदी की इंस्टैंट छूट देने की घोषणा की है।