{"_id":"6638215be1d82194970f26e3","slug":"investment-savings-make-a-list-of-financial-goals-along-with-needs-2024-05-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"निवेश-बचत: जरूरतों के साथ वित्तीय लक्ष्यों की बनाएं सूची, सपनों को हकीकत में बदलने के लिए प्लानिंग की जरूरत","category":{"title":"Business","title_hn":"कारोबार","slug":"business"}}
निवेश-बचत: जरूरतों के साथ वित्तीय लक्ष्यों की बनाएं सूची, सपनों को हकीकत में बदलने के लिए प्लानिंग की जरूरत
Mon, 06 May 2024 05:46 AM IST
निर्मल कांत
नारायण कृष्णमूर्ति, आर्थिक सलाहकार
नारायण कृष्णमूर्ति, आर्थिक सलाहकार
Published by: निर्मल कांत
Updated Mon, 06 May 2024 05:46 AM IST
सार
हम सभी एक सफल और सुनहरे वित्तीय भविष्य के सपने देखते हैं। इसमें प्रमुख रूप से एक मकान का मालिक बनना, छुट्टियों पर जाना, हर पांच साल में नई कार खरीदना शामिल है। सबसे महत्वपूर्ण है रिटायरमेंट के बाद आरामदायक जिंदगी जीना, जिसके लिए हमें वित्तीय लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए।
विज्ञापन
Investment
- फोटो : Istock
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हममें से कई लोगों को यह पता नहीं होता है कि सपनों को हकीकत में कैसे बदला जाए। इन्हें साकार करने के लिए पैसे और प्लानिंग की जरूरत होती है। इसके लिए पहला यह कि जरूरतें स्पष्ट हों, विशेष रूप से उन्हें पैसे का बहुत जुगाड़ करना है। उन्हें यह पता होना चाहिए कि कार खरीदना कितना जरूरी है या नहीं है और इसके लिए पैसे कैसे आएंगे।
विज्ञापन
उदाहरण के लिए, यह जानना बेहतर है कि 2026 में 1.2 करोड़ रुपये वाले मकान की खरीद के लिए डाउन पेमेंट के रूप में 20 लाख की जरूरत है। बाकी पैसे होम लोन से मिलेंगे। मकान की कीमत और उसे खरीदने की अवधि तय करने से सपने वित्तीय लक्ष्य में बदल जाते हैं। वित्तीय लक्ष्य आप खुद तय करते हैं, जो भविष्य की जरूरतों और एक समय सीमा से बंधे होते हैं। इसे पाने के लिए समय-सीमा की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
विज्ञापन
कम समय के लक्ष्य जल्दी हासिल
कम समय के लक्ष्य वे होते हैं, जो कुछ माह में हासिल हो सकते हैं। जैसे कोई बड़ा गैजेट खरीदना या आपात स्थिति से निपटने के लिए पैसे अलग रखना। मध्यम लक्ष्य वे होते हैं जो कुछ साल में हासिल होते हैं। जैसे घर के लिए डाउन पेमेंट या एक साल बाद पारिवारिक छुट्टी के लिए पैसे जुटाना। लंबे समय के लक्ष्यों के लिए कुछ साल और लग जाते हैं। ये 5 साल से अधिक के होते हैं। जैसे कि रिटायरमेंट, बच्चों की शिक्षा के लिए बचत या होम लोन का भुगतान करना।
विज्ञापन
हर महीने करते रहें एक छोटा निवेश
वित्तीय लक्ष्यों को जीवन में मील के पत्थर के रूप में सोचें। उदाहरण के तौर पर मकान का डाउन पेमेंट 2028 में 11 लाख करना है। बच्चे की शिक्षा के लिए 2035 तक 30 लाख जुटाने हैं। सेवानिवृत्त के लिए 2045 तक चार करोड़ की जरूरत है। यह मानते हुए कि 35 साल की उम्र में एक व्यक्ति की 7 साल की बेटी है और लक्ष्य महंगाई से जुड़े नहीं हैं। यह आंकड़ा एक सांकेतिक है। जरूरत इससे कम या ज्यादा भी हो सकती है। आज आपके पास वित्तीय साधन हैं जो वित्तीय लक्ष्यों को हासिल करने में मदद करते हैं। खासकर यदि आप एक नियमित आय के साथ वेतन पा रहे हैं। इसमें से हर माह एक छोटा निवेश करें, ताकि बड़ी रकम का बोझ आए तो कुछ मदद मिले।
म्यूचुअल फंड भी बेहतर तरीका
म्यूचुअल फंड में आप हर महीने कम से कम 500 रुपये से निवेश कर सकते हैं। यह नियमित, व्यवस्थित रूप से और विभिन्न फंडों में निवेश करता है। सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (एसआईपी) म्यूचुअल फंड में निवेश करने का सरल तरीका है। यह हर माह एक तय तारीख पर यूनिट खरीदता है। इसे यह मानकर चलें कि आप हर महीने किराया या स्कूल फीस दे रहे हैं। चूंकि, आपके पास कई और वित्तीय लक्ष्य हैं तो आप सामूहिक निवेश के बजाय फंड को लक्ष्य से जोड़कर प्रत्येक लक्ष्य के लिए एक विशेष फंड में निवेश कर सकते हैं। आपको एक ही दिन में सभी लक्ष्यों के लिए धन की जरूरत नहीं पड़ती है। हर वित्तीय लक्ष्य की एक अलग समय सीमा होती है। इसका मतलब है कि आपके पास कुछ लक्ष्यों को हासिल करने के लिए कम समय है और कुछ के लिए अधिक। कुछ लक्ष्यों का मूल्य कम होता है और कुछ का अधिक। आप ऐसे फंड चुनकर इस समस्या का समाधान कर सकते हैं।
ऐसे प्राप्त करें तीन करोड़ रुपये का लक्ष्य
रिटायरमेंट जैसे लक्ष्य के लिए 25 साल बाद 3 करोड़ रुपये की जरूरत होती है। इसके लिए मासिक 15,800 रुपये का निवेश करना होगा। यदि यही लक्ष्य 30 साल में हासिल करना है और दोनों विकल्प 12 फीसदी सालाना रिटर्न दे रहे हैं तो मासिक 8,500 रुपये ही निवेश करना होगा। म्यूचुअल फंड के जरिये आप इस लक्ष्य को पा सकते हैं।
वित्तीय लक्ष्यों को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटने से न केवल आसानी होगी, बल्कि उन तक पहुंचने में डर भी नहीं लगेगा। ऐसे कई ऑनलाइन साधन हैं जो वित्तीय लक्ष्यों की गणना करने में मदद कर सकते हैं।
किसी एक दिन अपने जीवनसाथी के साथ उन पर नजर डालें, ताकि आप परिवार के वित्तीय लक्ष्यों की पहले पहचान कर सकें और उन्हें हकीकत में बदल सकें।