03:49 PM, 15-Jul-2020
मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी ने पहली बार रिलायंस की AGM को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने रिलायंस फाउंडेशन द्वारा कोरोना संकट काल में किए जा रहे सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। नीता अंबानी ने बताया कि मिशन अन्न सेवा के तहत देशभर में पांच करोड़ से अधिक गरीबों, मजदूरों व अन्य वर्कर्स के लिए भोजन उपलब्ध कराया गया है।
03:44 PM, 15-Jul-2020
नीता अंबानी ने बताया कि भारत में कोरोना संक्रमण शुरू होते ही पीपीई किट का बड़ा संकट पैदा हो गया था। इसके लिए रिकॉर्ड वक्त में मैन्यूफैक्चरिंग फैसिलिटी बनाई गई। इससे प्रतिदिन एक लाख पीपीई किट और एन95 मास्क बनाए जा सकें। इतना ही नहीं, रिलायंस इमर्जेंसी सर्विस में लगी गाड़ियों के लिए देशभर में मुफ्त ईंधन भी उपलब्ध करा रही है।
03:41 PM, 15-Jul-2020
मुकेश अंबानी ने बताया कि BP ने उनके फ्यूल रिटेलिंग कारोबार में निवेश किया है। यह निवेश Jio-bp नाम के नए ब्रैंड के तहत हुआ है। Jio-bp भारतीय उपभोक्ताओं को आधुनिक समय के बेहतर समाधान प्रदान करेगा।
03:39 PM, 15-Jul-2020
रिलायंस रिटेल की जानकारी देते हुए मुकेश अंबानी ने बताया कि उनकी ग्रॉसरी बिजनेस को बढ़ाने की मुख्य रणनीति किसानों को जोड़ना और नए उत्पादों को घरों तक पहुंचाना है। इससे किसानों की आय बढ़ेगी और साथ ही उत्पादकता में भी इजाफा होगा।
03:36 PM, 15-Jul-2020
साल के अंत तक केजी-डी6 भारत को प्राकृतिक गैस प्रदान करने के लिए फिर से शुरू की जा सकता है।
03:35 PM, 15-Jul-2020
हालांकि अप्रत्याशित परिस्थितियों की वजह से निर्धारित समयसीमा में सऊदी अरामको के साथ सौदा आगे नहीं बढ़ाया जा सका। मुकेश अंबानी ने कहा कि हम अपने प्रस्ताव के साथ एनसीएलटी जाएंगे ताकि हमारे ऑयल-टू-केमिकल कारोबार को एक अलग सहयोगी कंपनी बनाया जा सके।
03:33 PM, 15-Jul-2020
लॉकडाउन के दौरान रिलायंस ने वैश्विक बाजारों की अपनी समझ का लाभ उठाया है और मात्र दो हफ्तों में पेट्रोकेमिकल और ईंधन निर्यात को 2.5 गुना बढ़ा दिया है। साथ ही अंबानी ने कहा कि, 'हमने भारत का पहला ब्यूटाइल रबर प्लांट भी शुरू किया है, जिससे हम ब्यूटाइल रबड़ के दुनिया के शीर्ष दस उत्पादकों में शामिल हो गए हैं।'
03:31 PM, 15-Jul-2020
रिलायंस रिटेल में रणनीतिक और वित्तीय निवेशक निवेश करना चाहते हैं। इसलिए हम आगामी तिमाहियों में रिलायंस रिटेल में वैश्विक साझेदारों और निवेशकों को शामिल करेंगे।
03:28 PM, 15-Jul-2020
रिलायंस रिटेल भारत का सबसे बड़ा और सबसे अधिक लाभदायक खुदरा व्यापार है। इसका राजस्व 1,62,936 करोड़ रुपये और EBITDA 9,654 करोड़ रुपये का है। यह शीर्ष 100 वैश्विक खुदरा विक्रेताओं में केवल एकमात्र भारतीय कंपनी है।
03:27 PM, 15-Jul-2020
एजीएम में गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने कहा कि इंटरनेट तक हर व्यक्ति की पहुंच होनी चाहिए। रिलायंस जियो के साथ साझेदारी पर उन्हें गर्व है। इससे भारत के उन लाखों-करोड़ों लोगों तक इंटरनेट की पहुंच होगी जिनके पास स्मार्टफोन नहीं है। इसके लिए गूगल फॉर इंडिया डिजिटाइजेशन फंड के जरिये 4.5 अरब डॉलर का पहला निवेश किया गया है।