{"_id":"67af40f290547cd5fe0b2899","slug":"wheat-prices-surge-before-new-harvest-but-higher-yield-expected-prices-rise-by-around-7-in-just-a-week-2025-02-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"Wheat Price: नई फसल से पहले गेहूं महंगा, लेकिन उपज बढ़ने की उम्मीद; हफ्ते भर में करीब 7% बढ़ा भाव","category":{"title":"Business Diary","title_hn":"बिज़नेस डायरी","slug":"business-diary"}}
Wheat Price: नई फसल से पहले गेहूं महंगा, लेकिन उपज बढ़ने की उम्मीद; हफ्ते भर में करीब 7% बढ़ा भाव
Fri, 14 Feb 2025 06:46 PM IST
द बोनस
नई दिल्ली
नई दिल्ली
Published by: द बोनस
Updated Fri, 14 Feb 2025 06:46 PM IST
सार
Wheat Price: गेहूं की कीमतों में यह तेजी ऐसे समय पर आई है जब मंडियों में नई फसल की आवक शुरू होने में महीनाभर बचा है, ऊपर से सरकार के गोदामों में भी गेहूं स्टॉक पिछले साल से ज्यादा है। भारतीय खाद्य निगम के आंकड़े बताते हैं कि पहली फरवरी तक केंद्रीय पूल में गेहूं का कुल स्टॉक 161.74 लाख टन दर्ज किया गया है। ऐसे में गेहूं की कीमतें आने वाले समय में कैसी रह सकती हैं, आइए जानें।
विज्ञापन
गेहूं
- फोटो : AdobeStock
विस्तार
- मनोज शर्मा
विज्ञापन
गेहूं की नई फसल आने से पहले मंडियों में गेहूं की कीमतें आसमान पर हैं. बीते करीब एक हफ्ते के दौरान थोक भाव करीब 7 फीसद बढ़ गया है। हालांकि मौसम गेहूं की फसल के अनुकूल बना हुआ है जिस वजह से इस साल रिकॉर्ड उपज की उम्मीद जताई जा रही है। उपज बढ़ने की स्थिती में आगे चलकर भाव में नरमी भी आ सकती है। दिल्ली की थोक मंडी में शुक्रवार को गेहूं का भाव 3301 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया है, 6 फरवरी को दिल्ली में भाव 3095 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया था।
गेहूं की कीमतों में यह तेजी ऐसे समय पर आई है जब मंडियों में नई फसल की आवक शुरू होने में महीनाभर बचा है, ऊपर से सरकार के गोदामों में भी गेहूं स्टॉक पिछले साल से ज्यादा है। भारतीय खाद्य निगम के आंकड़े बताते हैं कि पहली फरवरी तक केंद्रीय पूल में गेहूं का कुल स्टॉक 161.74 लाख टन दर्ज किया गया है। पिछले साल पहली फरवरी को केंद्रीय पूल में गेहूं का कुल स्टॉक 132.66 लाख टन था। एसएमसी ग्लोबल के रिसर्च एसोसिएट रवि शंकर पांडे के मुताबिक हफ्तेभर के दौरान गेहूं की कीमतों में तेजी रह सकती है, उसके बाद कीमतों में नरमी आएगी।
विज्ञापन
इस साल देश में गेहूं का रकबा पिछले साल के मुकाबले ज्यादा है, साथ में मौसम भी फसल के अनुकूल बना हुआ है। इस वजह से गेहूं की उपज में बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है। कृषि मंत्रालय के आंकड़े बताते हैं कि 10 फरवरी तक देशभर में गेहूं का कुल रकबा 324.88 लाख हेक्टेयर दर्ज किया गया है जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 6.55 फीसद ज्यादा है. पिछले साल 10 फरवरी तक देशभर में 318.33 लाख हेक्टेयर में गेहूं की खेती दर्ज की गई थी।
विज्ञापन
करनाल स्थित भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ रतन तिवारी के मुताबिक देशभर में मौजूदा मौसम गेहूं की फसल के अनुकूल है, रात में तापमान कम होने की वजह से गेहूं की फसल को फायदा हो रहा है। डॉ तिवारी के मुताबिक देशभर में फसल की स्थिति बेहतर है और कहीं से रोग के प्रकोप की रिपोर्ट भी नहीं है। डॉ. रतन तिवारी का मानना है कि गेहूं की फसल और मौसम के मौजूदा हालात को देखते हुए कहा जा सकता है कि इस साल उत्पादन 11.5 करोड़ टन तक पहुंच सकता है।