त्योहारी सीजन में पश्चिमी रेलवे चलाएगी 24 विशेष ट्रेनें, इस तारीख तक करा सकते हैं बुकिंग
त्योहारी सीजन में भारतीय रेलवे ने यात्रियों को बड़ा तोहफा दिया है। रेलवे ने अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है। पश्चिम रेलवे (डब्ल्यूआर) ने कहा है कि यात्रियों की सुविधाओं के लिए 12 जोड़ी यानी 24 विशेष रेलगाड़ियां चलाई जाएंगी, जो 156 फेरे लगाएंगी।
इसकी जानकारी पश्चिम रेलवे (WR) ने ट्वीट कर दी। पश्चिम रेलवे ने कहा कि इन 12 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों में से पांच जोड़ी ब्रांदा टर्मिनस से, दो-दो जोड़ी इंदौर और उधना से चलेंगी। वहीं एक-एक जोड़ी ओखा, पोरबंदर और गांधीधाम स्टेशनों से चलेंगी। रेलवे के अनुसार, ये सभी गाड़ियां आरक्षित होंगी।
इस तारीख तक करा सकते हैं बुकिंग
रेलवे द्वारा इन सभी स्पेशल ट्रेनों का विशेष किराया वसूला जाएगा। अगर आप भी सफर करना चाहते हैं, तो ध्यान रहे कि इसकी बुकिंग 17 अक्तूबर यानी आज से 22 अक्तूबर के बीच ही की जा सकती है। हालांकि यात्रा के दौरान सभी सुरक्षा नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।
To clear the rush during the forthcoming festive season, WR will run 156 trips of 12 more Festival Special trains to various destinations.
All of these trains will run as fully reserved trains. #specialtrains pic.twitter.com/dOEFo60xWS— Western Railway (@WesternRly) October 16, 2020
मालूम हो कि रेलवे ने मंगलवार को एलान किया था कि दुर्गापूजा, दशहरा, दिवाली और छठ को देखते हुए अक्तूबर और नवंबर के बीच रेलवे 392 त्योहार विशेष ट्रेनें चलाएगी। ये ट्रेनें 20 अक्तूबर से 30 नवंबर के बीच दौड़ेंगी। विशेष ट्रेनें कोलकाता, पटना, वाराणसी, लखनऊ जैसे शहरों के लिए चलेंगी।