नई सुविधा: अब प्लेन में बैठे-बैठे सस्ते में बुक करें टैक्सी, इस एयरलाइन ने शुरू की सेवा, जानिए कैसे होगी बुकिंग
स्पाइसजेट ने दिल्ली हवाई अड्डे से यात्रियों के लिए नई सेवा शुरू की है। यात्री इन-फ्लाइट एंटरटेनमेंट प्लेटफॉर्म 'स्पाइसस्क्रीन' के जरिए उड़ान के समय ही टैक्सी बुक कर सकते हैं।
विस्तार
बजट एयरलाइन स्पाइसजेट ने अपने यात्रियों के लिए नई सुवीधा की शुरुआत की है। अब यात्रियों को फ्लाइट से उतरने के बाद टैक्सी या कैब का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। यात्री उड़ान के दौरान ही हवाई अड्डे से बाहर जाने के लिए टैक्सी बुक कर सकते हैं। एयरलाइन के इन-फ्लाइट एंटरटेनमेंट प्लेटफॉर्म 'स्पाइसस्क्रीन' का इस्तेमाल करके इस सुविधा का लाभ उठाया जा सकता है।
दिल्ली हवाई अड्डे से शुरू हुई सुविधा
यह नई सेवा सबसे पहले दिल्ली हवाई अड्डे से शुरू की जा रही है। इसके बाद एयरलाइन चरणबद्ध तरीके से मुंबई, बंगलूरू, हैदराबाद, गोवा, चेन्नई, कोलकाता, अहमदाबाद और पुणे सहित अन्य प्रमुख हवाई अड्डों पर इसकी शुरुआत करेगी।
Want to know how to make a stylish entry in Delhi? 😎
— SpiceJet (@flyspicejet) August 12, 2021
Introducing Mid-air cab bookings for your convenience & safety!
✅Open your SpiceScreen 📲
✅Choose your closest pick-up point📍
✅Get 💯 confirmed 🚕
✅ 🆓 Cancellations
✅ 🅾️ Waiting ⏰ pic.twitter.com/7SYBhbKff9
ऐसे होगी बुकिंग
इस संदर्भ में विमानन कंपनी ने कहा कि यह घरेलू विमानन उद्योग में अपनी तरह की पहली पहल है। यात्री के स्पाइसस्क्रीन पर टैक्सी बुक करने के बाद हवाई अड्डे पर आगमन के साथ उनके मोबाइल फोन पर एसएमएस, व्हाट्सएप और इनबाउंड कॉल के माध्यम से टैक्सी बुकिंग के ओटीपी का संदेश मिलेगा।
ऐसे कर सकेंगे पेमेंट
इस नई पहल में यात्रियों की सभी सुविधाओं का ध्यान रखा गया है। ग्राहकों को यात्रा के अंत में भुगतान के लिए ऑनलाइन या नकद का विकल्प दिया जाएगा। इतना ही नहीं, कंपनी किसी कारण से यात्री के टैक्सी में ना बैठने पर कोई कैंसिलेशन शुल्क भी नहीं लेगी। मालूम हो कि पिछले साल अगस्त में ही स्पाइसजेट ने एक कॉम्प्लिमेंटरी इन-फ्लाइट एंटरटेनमेंट सिस्टम स्पाइसस्क्रीन शुरू की थी।