Air India: 'हम एअर इंडिया को हर जरूरी विशेषज्ञता और सहायता देंगे', सिंगापुर एयरलाइंस ने किया एलान
Air India: घाटे में चल रही एयर इंडिया का स्वामित्व टाटा संस और सिंगापुर एयरलाइंस के पास है। हाल के दिनों में यह विमानन कंपनी कई मुश्किलों का सामना कर रही है। 12 जून को एयरलाइन का एक विमान अब तक के सबसे भीषण हवाई हादसों में से एक का शिकार हो गया। अब एअर इंडिया के बारे में सिंगापुर एयरलाइन ने बड़ा एलान किया है, आइए इस बारे में जानें।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एअर इंडिया की महत्वपूर्ण मॉइनारिटी शेयरधारक सिंगापुर एयरलाइंस ने शुक्रवार को कहा कि वह विमानन कंपनी को जहां भी जरूरत होगी अपनी विशेषज्ञता और सहायता देगी। सिंगापुर एअरलाइंस की ओर से यह टिप्पणी ऐसे समय पर की गई है जब कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि एयर इंडिया टाटा संस और सिंगापुर एयरलाइंस से 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की मांग कर रही है।
घाटे में चल रही एयर इंडिया का स्वामित्व टाटा संस और सिंगापुर एयरलाइंस के पास है। हाल के दिनों में यह विमानन कंपनी कई मुश्किलों का सामना कर रही है। 12 जून को एयरलाइन का एक विमान अब तक के सबसे भीषण हवाई हादसों में से एक का शिकार हो गया। अहमदाबाद से उड़ान भरने के तुरंत बाद लंदन गैटविक जा रहा एयर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे 260 लोगों की मौत हो गई।
सिंगापुर एयरलाइंस के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, "एयर इंडिया में एक महत्वपूर्ण अल्पसंख्यक शेयरधारक के रूप में, सिंगापुर एयरलाइंस (एसआईए) एयर इंडिया में बदलाव से जुड़े कार्यक्रम का समर्थन करने के लिए हमारे सहयोगी टाटा संस के साथ मिलकर काम कर रही है। इसमें जरूरत के अनुसार एयर इंडिया को अपनी विशेषज्ञता और सहायता मुहैया कराना भी शामिल है।"
यह बयान एयर इंडिया की ओर से धन उपलब्ध कराने से जुड़ी रिपोर्टों के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में दिया गया। विशिष्ट जानकारी का खुलासा किए बिना प्रवक्ता ने एयर इंडिया के परिचालन और वित्तीय जरूरतों के विस्तृत विवरण के लिए एयर इंडिया का संदर्भ दिया। वित्तपोषण योजनाओं पर एयर इंडिया और टाटा संस की ओर से कोई टिप्पणी नहीं की गई।
टाटा संस और सिंगापुर एयरलाइंस ने 2024-25 में एयर इंडिया में 9,558 करोड़ रुपये का निवेश किया, जिसमें प्रमोटरों ने इस साल मार्च में अकेले 4,306 करोड़ रुपये का निवेश किया। 29 अक्तूबर को एयर इंडिया के सीईओ और एमडी कैम्पबेल विल्सन ने कहा कि समग्र यात्रा मांग को प्रभावित करने वाली कई अनिश्चितताएं हैं, लेकिन वे हमें "पटरी से नहीं उतार सकतीं"।
विभिन्न चुनौतियों में से एक है पाकिस्तान का हवाई क्षेत्र बंद होना, इसके कारण एयरलाइन को अपनी लंबी दूरी की यूरोपीय उड़ानों के लिए लम्बे मार्ग अपनाने पड़ रहे हैं। इसके कारण परिचालन लागत बढा है। विल्सन ने 29 अक्तूबर को कहा कि पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र बंद होने से टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयरलाइन को 4,000 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
उन्होंने कहा था, "मुझे लगता है कि 2025 में सबसे महत्वपूर्ण शब्द अनिश्चितता है। वैश्विक व्यापार नीति, वैश्विक स्थिरता और शांति और राजनीति में अनिश्चितता। मुझे लगता है कि इसका मांग के माहौल पर असर पड़ता है।" 12 जून को विमान दुर्घटना के बाद एयरलाइन ने अपने बोइंग 787 और 777 विमानों से संचालित सेवाओं को अस्थायी रूप से कम कर दिया था।
नवंबर 2024 में टाटा और सिंगापुर एयरलाइंस के बीच एक संयुक्त उद्यम विस्तारा का एयर इंडिया के साथ विलय कर दिया गया। इसके बाद सिंगापुर की एयरलाइन ने एयर इंडिया में 25.1 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल कर ली थी। जनवरी 2022 से टाटा समूह एयर इंडिया का संचालन कर रहा है। इसने पांच वर्षों में एयरलाइन के लिए बदलाव की महत्वाकांक्षी योजना भी शुरू की है।
एयर इंडिया ने 27 पुराने ए320 नियो विमानों का रेट्रोफिट किया पूरा
एयर इंडिया ने शुक्रवार को बताया कि उसने अपने 27 पुराने ए320 नियो विमानों का नवीनीकरण पूरा कर लिया है और अब इसमें प्रीमियम इकोनॉमी श्रेणी की सीटें भी हैं। इन विमानों के लिए रेट्रोफिट कार्यक्रम, जो सितंबर 2024 में शुरू हुआ, घाटे में चल रही टाटा समूह की एयरलाइन की अपने संपूर्ण विरासत बेड़े के आधुनिकीकरण के लिए 400 मिलियन डालर की व्यापक पहल का हिस्सा है।
पिछले एक वर्ष से कुछ अधिक समय में विभिन्न समय पर ये रेट्रोफिटेड विमान बेड़े में शामिल हुए है। एयरलाइन के बेड़े में लगभग 190 विमान हैं, इनमें पुराने बोइंग 787 और 777 के साथ-साथ नए A350 भी शामिल हैं। रेट्रोफिटेड विमानों के अलावा, अन्य पुराने नैरो-बॉडी विमान भी हैं- इनमें 13 A320, 4 A321 और 6 A319 विमान हैं। इसके अलावा, 14 नए A320 भी लीज पर लिए गए हैं।