Sensex Opening Bell: घरेलू शेयर बाजार में बंपर तेजी, सेंसेक्स 1100 अंक उछला, निफ्टी 18275 के पार
Senses Opening Bell: शुक्रवार को सेंसेक्स 697 अंकों की तेजी के साथ 61311 रुपये के स्तर पर ओपन हुआ। वहीं निफ्टी 244 अंक चढ़कर 18272 अंकों के स्तर पर खुला। वहीं, शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 110 पैसे के उछाल के साथ 80.71 के स्तर पर ओपन हुआ। यह सात हफ्ते का उच्चतम स्तर है, जबकि पिछले नौ सालों में यह रुपए की सबसे बड़ी ओपनिंग है।
विस्तार
भारतीय शेयर बाजार (Stock Market) ने दो लगातार सत्र में गिरावट के बाद जबरदस्त वापसी की है और शुक्रवार के दिन बाजार खुलते ही सेंसेक्स 61 हजार के पार पहुंच गया। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन बाजार में 1000 अंकों से अधिक का उछाल आया है। जबकि निफ्टी भी 18300 का लेवल पार कर गया है। फिलहाल 11 बजकर 42 मिनट पर सेंसेक्स 1029.66 अंकों की बढ़त के साथ सेंसेक्स 61,643.36 अंकों के स्तर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी 285.85 अंकों की बढ़त के साथ 18314.05 अंकों पर ट्रेड कर रहा है।
शुक्रवार को सेंसेक्स 697 अंकों की तेजी के साथ 61311 रुपये के स्तर पर ओपन हुआ। वहीं निफ्टी 244 अंक चढ़कर 18272 अंकों के स्तर पर खुला। बैंक निफ्टी भी 559 अंकों की बढ़त के साथ 42163 अंकों के स्तर पर खुला। शुकवार के दिन शुरुआती कारोबार में जोमैटो के शेयरों में 10% की मजबूती दिखी, जबकि अपोलो हॉस्पिटल के शेयर चार प्रतिशत तक उछले हैं। उधर, अमेरिकी शेयर बाजार में गुरुवार को भी बंपर तेजी दिखी। महंगाई में राहत मिलने से अमेरिकी शेयर बाजार मजबूत हुए और डाऊ जोंस 1201 अंकों की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसके असर से एसजीएक्स निफ्टी 18400 के पार पहुंचकर मजबूती के साथ कारोबार कर रहा है।
रुपया डॉलर के मुकाबले 110 रुपये की तेजी के साथ खुला
शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 110 पैसे के उछाल के साथ 80.71 के स्तर पर ओपन हुआ। यह सात हफ्ते का उच्चतम स्तर है, जबकि पिछले नौ सालों में यह रुपए की सबसे बड़ी ओपनिंग है। यह सितंबर 2013 के बाद रुपया पहली बार इतनी मजबूती के साथ खुला है।
विप्रो, टेक महिंद्रा, इंफोसिस और एचसीएल टेक समेत ये शेयर रहे सेंसेक्स के टॉप गेनर
सेंसेक्स के शेयरों में विप्रो, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, एचसीएल टेक, इंडसइंड बैंक, टाटा स्टील, टीसीएस और बजाज फिनसर्व लगभग 2-3.5% की बढ़त के साथ टॉप गेनर रहे। वहीं, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी, टाइटन, एसबीआई, अल्ट्राटेक सीमेंट, आईसीआईसीआई बैंक और मारुति भी बढ़त के साथ खुले। निफ्टी आईटी में 2.94% और निफ्टी पीएसयू बैंक में 1.63% की तेजी आई। निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज और निफ्टी ऑटो भी बढ़त के साथ खुले। जबकि व्यापक बाजार निफ्टी में निफ्टी मिडकैप 1.02% और स्मॉलकैप 1.06% की बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे।