फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Business ›   Business Diary ›   Sam Altman returning in OpenAI as CEO is win for Microsoft, know every aspect of story

OpenAI: आल्टमैन की घर वापसी या नडेला की जीत? पढ़ें सिलिकन वैली में पांच दिन तक चले ड्रामे की पूरी कहानी

Thu, 23 Nov 2023 07:30 PM IST
कुमार विवेक बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: कुमार विवेक Updated Thu, 23 Nov 2023 07:30 PM IST
सार

OpenAI: ओपन एआई बोर्ड के दो नए सदस्य लैरी समर्स और ब्रेट टेलर वॉल स्ट्रीट और सिलिकॉन वैली के जाने-माने नाम हैं। लैरी समर्स हार्वर्ड से पढ़े हैं और ब्लूमबर्ग टेलीविजन से पेड कॉर्डिनेटर के तौर पर जुड़े हैं। वे कई कंपनियों के बोर्ड में शामिल हैं जिनमें जैक डोर्सी का स्टार्टअप ब्लॉक भी शामिल है।

विज्ञापन
Sam Altman returning in OpenAI as CEO is win for Microsoft, know every aspect of story
सैम आल्टमैन - फोटो : amarujala.com

विस्तार

सिलिकन वैली में पांच दिन तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद ओपनएआई में एक बार फिर सीईओ के रूप में सैम आल्टमैन की वापसी हो गई। इसके साथ ही कंपनी के बोर्ड में भी बदलाव का फैसला हुआ। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में हुआ हालिया घटनाक्रम किसी ड्रामे से कम नहीं है। आइए जानते हैं पांच दिन तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे में किस किरदार की क्या भूमिका रही?

विज्ञापन


आल्टमैन ओपनएआई में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के रूप में कंपनी में लौटेंगे। दूसरी ओर ब्रेट टेलर को कंपनी के प्राथमिक बोर्ड की कमान सौंपी गई है, टेलर सेल्सफोर्स के सह-सीईओ रह चुके हैं। कंपनी की ओर से सोशल मीडिया पर एलान किया गया है कि इसके अन्य निदेशकों में एक अमेरिका के पूर्व वित्त मंत्री लैरी समर्स भी होंगे। इसके अलावा बोर्ड के मौजूदा सदस्य एडम डी एंजेलो भी इसमें बने रहेंगे। एडम क्वोरा के सह-संस्थापक और सीईओ हैं।

विज्ञापन

आल्टमैन की ओपनएआई में वापसी सत्या नडेला के लिए बड़ी जीत

दुनिया के सबसे प्रसिद्ध एआई स्टार्टअप ओपनएआई में सैम आल्टमैन की वापसी को कंपनी के सबसे बड़े निवेशक माइक्रोसॉफ्ट के लिए बड़ी जीत माना रहा है। ओपनएआई से आल्टमैन की विदाई के फैसले को पलटने में माइक्रोसॉफ्ट ने दूसरे निवेशकों के साथ मिलकर अहम भूमिका निभाई। एआई कंपनी में उथल-पुथल के बीच माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला ने सार्वजनिक रूप से आल्टमैन का समर्थन किया। यहां तक कि आल्टमैन को ओपनएआई से निकाले जाने के बाद नडेला ने उन्हें माइक्रोसॉफ्ट के एक रिसर्च ग्रुप में बतौर प्रमुख नियुक्त करने का भी एलान कर दिया। था।

विज्ञापन
विज्ञापन


ओपन एआई बोर्ड के दो नए सदस्य लैरी समर्स और ब्रेट टेलर वॉल स्ट्रीट और सिलिकॉन वैली के जाने-माने नाम हैं। लैरी समर्स हार्वर्ड से पढ़े हैं और ब्लूमबर्ग टेलीविजन से पेड कॉर्डिनेटर के तौर पर जुड़े हैं। वे कई कंपनियों के बोर्ड में शामिल हैं जिनमें जैक डोर्सी का स्टार्टअप ब्लॉक भी शामिल है। दूसरी ओर टेलर शोपिफाई में निदेशक हैं। वे एलन मस्क की ओर से ट्विटर के अधिग्रहण के दौरान ट्विटर के बोर्ड में भी निदेशक के तौर पर जुड़े थे। 

एआई कंपनी के बोर्ड में आगे चलकर हो सकते हैं और बदलाव

नाम न जाहिर करने की शर्त पर मामले की जानकारी रखने वाले एक शख्स ने बताया है कि ओपनएआई के बोर्ड में हुआ ताजा बदलाव आखिरी नहीं है। कंपनी की प्राथमिकता नौ नए निदेशकों का चयन करना है। बता दें कि शुक्रवार को आल्टमैन के बाहर होने के बाद उनकी वापसी के लिए चल रही बातचीत में बोर्ड की संरचना एक प्रमुख बाधा साबित हुई थी।

जानकारी के अनुसार दिग्गज अभी भी यह निर्धारित करने में जुटे हैं डी एंजेलो के अलावा ओपनएआई बोर्ड में और कौन-कौन से सदस्य बने रहेंगे। एक सूत्र ने के अनुसार बोर्ड में माइक्रोसॉफ्ट, जिसकी एआई रणनीति स्टार्टअप की तकनीक पर टिकी है, का भी नए बोर्ड में प्रतिनिधित्व रह सकता है। निश्चित रूप से उसकी भूमिका बोर्ड में एक पर्यवेक्षक की होगी और एक या उससे अधिक सीटें मिल सकती हैं।

बर्खास्तगी के फैसले के कारणों की भी होगी जांच 

सूत्र ने कहा कि आल्टमैन ने स्टार्टअप में वापसी की शुरुआती चर्चा के दौरान बोर्ड में सीट नहीं लेने पर सहमति जताई थी। हालांकि इस बात की उम्मीद की जा रही है कि वह अंततः बोर्ड में शामिल हो जाएंगे। एक अन्य जानकार के मुताबिक वह उन कारणों की आंतरिक जांच के लिए भी लिए भी सहमत हो गए हैं जिसके चलते उन्हें बर्खास्त करने का फैसला लिया गया था।

पहले ओपनएआई के बोर्ड के सदस्यों में डी एंजेलो, ओपनएआई के सह-संस्थापक और मुख्य वैज्ञानिक इल्या सट्सकेवर, जियोसिम सिस्टम्स के ताशा मैककॉली और जॉर्जटाउन के सेंटर फॉर सिक्योरिटी एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजी की निदेशक हेलेन टोनर शामिल थीं।

सोशल मीडिया पर छाए रहे आल्टमैन की वापसी प्रकरण के प्रमुख किरदार

आल्टमैन की वापसी के लिए समझौता ओपनएआई में पांच दिनों तक चली कई दौर की बातचीत के बाद हुआ। इस दौरान कंपनी के लगभग सभी कर्मचारियों ने आल्टमैन को बहाल नहीं करने की स्थिति में कंपनी छोड़ने की धमकी दे दी थी। कंपनी के फाइनेंसरों, सिलिकॉन वैली के दिग्गजों और नडेला से लेकर आल्टमैन तक सभी प्रमुख दिग्गजों ने इस पूरे प्रकरण के दौरान सोशल मीडिया पर कई पोस्ट किए इसका असर यह हुआ है कि यह पूरा प्रकरण एक हाईवोल्टेज ड्रामे में तब्दील हो गया। कई लोग सोशल मीडिया पर खुलकर ऑल्टमैन के समर्थन में आए। आल्टमैन की ओपनएआई में वापसी की खबरों के बाद सोशल मीडिया पर कहानी के मुख्य पात्रों ने उन्हें बधाई दी। बधाई देने वालों में कंपनी के पूर्व अध्यक्ष ग्रेग ब्रॉकमैन भी शामिल थे। उन्होंने यह भी एलान किया कि वह भी कंपनी में लौट रहे हैं। इसके अलावे मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी मीरा मुराती भी बनी रहेंगी।

बोर्ड से संवाद की कमी का आरोप लगाकर आल्टमैन को किया गया था बाहर

ओपनएआई ने शुक्रवार को एक बयान में कहा था कि बोर्ड की आंतरिक समीक्षा में पाया गया है कि आल्टमैन बोर्ड के साथ अपने संवाद में लगातार स्पष्ट नहीं थे, जो उनकी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की क्षमता पर सवाल खड़े करती है। इसी आधार पर आल्टमैन को कंपनी से बाहर करने का फैसला लिया गया।

मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के अनुसार, अल्टमैन और अन्य की ओर से बोर्ड के मौजूदा सदस्यों के इस्तीफे के लिए दबाव के कारण रविवार को उनकी वापसी के लिए समझौता नहीं हो सका। दूसरी ओर कंपनी के निवर्तमान बोर्ड ने ट्विच के पूर्व सीईओ एम्मेट शियर को अंतरिम सीईओ सीईओ नियुक्त कर दिया।

इस फैसले के कुछ ही घंटों के भीतर, ओपनएआई के 770 कर्मचारियों में से अधिकांश के हस्ताक्षर से बोर्ड को एक पत्र भेजा गया जिसमें कहा गया था कि यदि आल्टमैन को वापस नहीं लाया गया और सभी निदेशकों ने इस्तीफा नहीं दिया तो तो वे सभी पद छोड़कर  माइक्रोसॉफ्ट में शामिल हो सकते हैं। पत्र पर हस्ताक्षर करने वाले कई लोगों में मुराती भी शामिल थीं, जिन्हें शुक्रवार को आल्टमैन को हटाकर अंतरिम सीईओ बनाया गया था।

ओपनएआई में आल्टमैन की वापसी से कंपनी को राहत पर एआई के भविष्य पर सवाल

कंपनी में आल्टमैन की वापसी निवेशकों को खुश कर सकता है और कंपनी छोड़ने का मन बना चुके कर्मचारियों के लिए यह राहत भरा है लेकिन यह ताजा घटनाक्रम चैटजीपीटी निर्माता और अन्य एआई स्टार्टअप के भविष्य पर सवाल खड़े करता है। इन कंपनियों ने एआई को विकासित करने के लिए कंप्यूटिंग का महंगा बुनियादी ढांचा तैयार किया है और इसके लिए निवेशकों से बड़ी मात्रा में पूंजी जुटाई गई है। ऐसे में इन कंपनियों में होने वाले उथल-पुथल का असर उसमें किए गए निवेश पर भी पड़ता है।

आल्टमैन को हटाए जाने के मामले में निवेशकों को अंधेरे में रखा गया था। माइक्रोसॉफ्ट जिसने ओपनएआई में 10 बिलियन डॉलर से अधिक की हिस्सेदारी के साथ निवेश किया है किया, को अल्टमैन की बर्खास्तगी के बारे में केवल कुछ मिनट पहले ही सूचना दी गई। माइक्रोसॉफ्ट की ओपन एआई में लगभग 49% फीसदी हिस्दारी है। मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के अनुसार, सॉफ्टवेयर जगत की दिग्गज कंपनी ने उसके बाद कंपनी के अन्य निवेशकों थ्राइव कैपिटल और टाइगर ग्लोबल मैनेजमेंट जैसे निवेशकों के साथ मिलकर काम करना शुरू किया और आल्टमैन की वापसी सुनिश्चित की। 

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस उद्योग के चेहरे के रूप में उभरे हैं सैम आल्टमैन

बीते कुछ वर्षों में 38 वर्षीय ऑल्टमैन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक के एक नए युग के चेहरे के रूप में उभरे हैं। उन्हें चैटजीपीटी की सफलता का श्रेय दिया जाता है। हाल के महीनों में आल्टमैन नियामकों के साथ काम करने की दिशा में एआई जगत की कोशिशों के केंद्र में रहे हैं। इस दौरान उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे दिग्गज नेताओं से मुलाकात की थी। बीते गुरुवार को ही वे एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग  सम्मेलन (APEC) में एक पैनल में दिखाई दिए थे, जिसमें एआई के भविष्य और इसके जोखिमों पर चर्चा की गई थी। 

जेनरेटिव एआई विकासित करने के सवाल पर आल्टमैन का बोर्ड से हुआ था विवाद

हालांकि, सूत्रों के अनुसार पर्दे के पीछे, ऑल्टमैन का अपने बोर्ड के सदस्यों, विशेष रूप से सट्सकेवर के साथ विवाद था। दोनों में इस बात को लेकर असहमति थी कि जेनरेटिव एआई विकसित करने में कितनी जल्दबाजी दिखाई जाए? उत्पादों का व्यावसायीकरण कैसे किया जाए और जनता को उनके संभावित नुकसान को कम करने के लिए आवश्यक कदम कैसे उठाए जाएं। इस दौरान बोर्ड के सदस्यों ने ऑल्टमैन की उद्यमशीलता महत्वाकांक्षाओं पर सवाल खड़े किए थे। 

निवेश प्रस्ताव की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति के अनुसार, आल्टमैन एनवीडिया कॉर्प द्वारा बनाए गए एआई एक्सेलेरेटर के साथ प्रतिस्पर्धा करने के लिए एआई चिप स्टार्टअप बनाने के लिए मीडिल ईस्ट सॉवरेन वेल्थ फंड से अरबों डॉलर जुटाने की कोशिश कर रहे हैं। अल्टमैन ने सॉफ्टबैंक ग्रुप कॉर्प के चेयरमैन मासायोशी सोन के साथ मिलकर एपल के पूर्व डिजाइनर जॉनी आईव के साथ साझेदारी में एआई-ओरिएंटेड हार्डवेयर बनाने के लिए एक नए व्यवसाय में कई अरब डॉलर के निवेश की तैयारी की थी।



ओपनएआई के बोर्डरूम ड्रामे ने लोगों को सिलिकॉन वैली में पूर्व में हुए तख्तापलटों याद दिला दी। एपल के सह-संस्थापक स्टीव जॉब्स को 1985 में सीईओ के पद से बर्खास्त कर दिया गया था। वहीं ट्विटर के सह-संस्थापक डोर्सी को 2008 में कंपनी से बाहर कर दिया गया था और हालांकि सात साल बाद उन्होंने सीईओ के रूप में वापसी की थी।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें कारोबार समाचार और Union Budget से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। कारोबार जगत की अन्य खबरें जैसे पर्सनल फाइनेंस, लाइव प्रॉपर्टी न्यूज़, लेटेस्ट बैंकिंग बीमा इन हिंदी, ऑनलाइन मार्केट न्यूज़, लेटेस्ट कॉरपोरेट समाचार और बाज़ार आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed