प्लेटफॉर्म टिकट से रेलवे को हुई 2018-19 में 139.20 करोड़ रुपये की कमाई
रेलवे को प्लेटफॉर्म टिकट बेचने से होने वाली कमाई में लगातार इजाफा हो रहा है। 2018-19 में रेलवे ने इस तरीके से कुल 139.20 करोड़ रुपये की कमाई की है। वहीं इस साल सितंबर तक रेलवे को 78.50 करोड़ रुपये मिले हैं। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने लोकसभा में एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि इसके अलावा रेलवे ने स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर मौजूद दुकानों से 230.47 करोड़ रुपये की कमाई की है।
10 रुपये में मिलता है प्लेटफॉर्म टिकट
भारतीय रेलवे द्वारा जारी की जाने वाली प्लेटफॉर्म टिकट के कई लाभ हैं। इसके माध्यम से आप प्लेटफॉर्म पर जा सकते हैं और यह आप रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर से महज 10 रुपये में खरीद सकते हैं। हालांकि इसके तहत आपको ट्रेन से सफर करने की अनुमति कुछ शर्तों पर मिलती है। 10 रुपये की टिकट से आप दो घंटे तक प्लेटफॉर्म पर रह सकते हैं अर्थात आपको दो घंटे तक अपने परिजनों को प्लेटफॉर्म तक छोड़ने या उन्हें वहां से लेने की अनुमति मिलती है।
प्लेटफॉर्म टिकट से ऐसे करें ट्रेन में सफर
वहीं अगर आप प्लेटफॉर्म टिकट से ट्रेन में सफर करते हैं, तो ट्रेन में बैठने के बाद आपको सबसे पहले टीटीई को इसके बारे में बताना होगा और जहां जाना है, वहां का टिकट कटाना होगा। किराए के अतिरिक्त आपसे 250 रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा। यात्री को किराया उसे स्टेशन से चुकाना होगा, जहां से उसने प्लेटफॉर्म टिकट लिया है। इसके अलावा आपको टीटीई को गार्ड सर्टिफिकेट भी दिखाना होगा।
यूटीएस एप से खरीदें प्लेटफॉर्म टिकट
ध्यान रहे कि इसे आप ऑनलाइन यूटीएस एप के जरिए ही खरीद सकते हैं। आईआरसीटीसी की वेबसाइट से आपको प्लेटफॉर्म टिकट नहीं मिलेगी। हालांकि इसके इस्तेमाल के लिए आपको गार्ड सर्टिफिकेट की भी जरूरत होगी, जो आपको गार्ड द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा।
इस बात का रखें ध्यान
वहीं अगर आप ट्रेन में बैठ गए और जानकर टीटीई को यह नहीं बताया कि आपके पास प्लेटफॉर्म टिकट है, तो आपको 1260 रुपये तक का जुर्माना भरना पड़ सकता है। इसके अतिरिक्त आपको छह महिने तक की जेल भी हो सकती है।