Trade: पीएम का न्योता- ओमान की कंपनियां भारत में निवेश करें, जानिए दोनों देशों के आर्थिक रिश्तों पर क्या बोले
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मस्कट में भारत-ओमान बिजनेस समिट को संबोधित करते हुए कहा कि भारत और ओमान के बीच प्रस्तावित व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौता (CEPA) द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊर्जा और मजबूती देगा। उन्होंने इसे आने वाले दशकों तक असर डालने वाला ऐतिहासिक कदम बताया।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि भारत और ओमान के बीच होने वाला व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौता (CEPA) द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊर्जा और आत्मविश्वास प्रदान करेगा। मस्कट में आयोजित भारत-ओमान बिजनेस समिट को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह शिखर सम्मेलन दोनों देशों की साझेदारी को नई दिशा देने वाला साबित होगा।
ये भी पढ़ें: India Oman FTA: भारत-ओमान आर्थिक संबंधों को नई रफ्तार, मस्कट में एफटीए पर हस्ताक्षर की तैयारी
भारत अपने मित्र देशों की प्रगति में भी योगदान देता है
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज हम ऐसा ऐतिहासिक निर्णय ले रहे हैं, जिसकी गूंज आने वाले कई दशकों तक सुनाई देगी। सीईपीए हमारे साझेदारी संबंधों को 21वीं सदी में नई मजबूती और नई ऊर्जा देगा। उन्होंने कहा कि भारत का स्वभाव हमेशा प्रगतिशील और आत्मनिर्भर रहा है और जब भारत आगे बढ़ता है, तो अपने मित्र देशों की प्रगति में भी योगदान देता है।
मोदी ने कहा कि भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इसे वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए लाभकारी बताया और कहा कि ओमान के लिए यह विशेष रूप से फायदेमंद है, क्योंकि दोनों देश न केवल करीबी मित्र हैं बल्कि समुद्री पड़ोसी भी हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के लोगों के बीच पीढ़ियों पुराना विश्वास है और व्यापारिक संबंधों में एक-दूसरे के बाजारों की गहरी समझ है।
ओमान की कंपनियों को भारत की विकास यात्रा में भागीदारी का निमंत्रण
प्रधानमंत्री ने ओमान की कंपनियों को भारत की विकास यात्रा में भागीदार बनने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में भारत ने केवल नीतियां ही नहीं बदलीं, बल्कि अपने आर्थिक डीएनए में भी बदलाव किया है। इस दौरान उन्होंने जीएसटी और दिवाला व शोधन अक्षमता संहिता (IBC) जैसे प्रमुख सुधारों का उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर ओमान पहुंचे थे। आर्थिक मोर्चे पर भारत-ओमान के बीच व्यापारिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। वित्त वर्ष 2024-25 में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार करीब 10.5 अरब डॉलर रहा, जिसमें भारत का निर्यात लगभग 4 अरब डॉलर और आयात 6.54 अरब डॉलर रहा।