IIFF: पीयूष गोयल ने कहा- जल्द ही लॉन्च किए जाएंगे भारतीय आकार के फुटवियर, विदेशी रुझानों पर कम होगी निर्भरता
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारतीय फुटवियर और चमड़ा उद्योग न केवल प्रमुख विदेशी मुद्रा अर्जित करने वाला है, बल्कि लगभग 45 लाख लोगों को रोजगार भी प्रदान करता है। जिनमें से 40 प्रतिशत महिलाएं हैं और यह एक 'श्रम-प्रधान क्षेत्र' का प्रतिनिधित्व करता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को कहा कि भारत जल्द ही अपना 'भारतीय आकार का फुटवियर' लॉन्च करेगा, जिससे विदेशी आकार के रुझानों पर निर्भरता कम हो जाएगी।नई दिल्ली में इंडिया इंटरनेशनल फुटवियर फेयर 2023 (IIFF) को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए गोयल ने इस बात पर जोर दिया कि भारत में दुनिया का सबसे बड़ा और उच्चतम गुणवत्ता वाला फुटवियर निर्माता बनने की क्षमता है।
मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, गोयल ने यह भी कहा कि भारतीय फुटवियर और चमड़ा उद्योग न केवल प्रमुख विदेशी मुद्रा अर्जित करने वाला है, बल्कि लगभग 45 लाख लोगों को रोजगार भी प्रदान करता है। जिनमें से 40 प्रतिशत महिलाएं हैं और यह एक 'श्रम-प्रधान क्षेत्र' का प्रतिनिधित्व करता है।
चमड़ा आधारित उद्योगों में भारत के स्थान पर गोयल ने कही यह बात
केंद्रीय मंत्री ने कहा, भारत दुनिया में चमड़े से बने के कपड़ों का दूसरा सबसे बड़ा निर्यातक, घोड़ों के लिए काठी, हार्नेस और अन्य चमड़े के उपकरण का तीसरा सबसे बड़ा निर्यातक और चमड़े के सामान का चौथा सबसे बड़ा निर्यातक है। गोयल ने आगे बताया कि इस क्षेत्र में 95 फीसदी से अधिक उत्पादन इकाइयां सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME) इकाइयां हैं। स्थानीय कच्चे माल के बारे में बोलते हुए मंत्री ने 'महाराष्ट्र के कोल्हापुरी फुटवियर और राजस्थान के मोजरी फुटवियर' की प्रशंसा की। उन्होंने कि ये अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के लिए आकर्षण के क्षेत्र होने चाहिए। उन्होंने कहा कि इसका अपना एक समृद्ध और अलग इतिहास है।
उद्योग को बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे उपायों का किया जिक्र
- केंद्रीय मंत्री ने कहा, भारतीय फुटवियर और चमड़ा विकास कार्यक्रम के तहत सरकार द्वारा परीक्षण केंद्र स्थापित की जाएंगी। 'व्यापार करने में आसानी' के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों पर प्रकाश डालते हुए कहा, कॉर्पोरेट अपराधों का गैर-अपराधीकरण करने, अनुपालन बोझ को कम करने, सभी अनुमोदनों के लिए एक राष्ट्रीय एकल खिड़की बनाने, विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचा विकसित करने और बहुत कुछ किया जा रहा है।
- गोयल ने हितधारकों से गुणवत्ता और स्थिरता, पर्यावरण-अनुकूल प्रक्रियाओं, अपशिष्ट प्रबंधन और बिजली के लिए नवीकरणीय स्रोतों की खोज पर ध्यान केंद्रित करते हुए व्यवसाय का विस्तार करने का आग्रह किया।
- मंत्री ने बड़े और बेहतर विकास के लिए नवीन डिजाइनों के रूप में प्रतिस्पर्धात्मकता अपनाने की भी बात की। उन्होंने कहा कि निर्यातकों द्वारा उत्पादों को नवीन और टिकाऊ तरीके से विकसित किया जाना चाहिए।
- 'मूल्य श्रृंखला' को आगे बढ़ाने के लिए डिजाइन क्षमताओं के बारे में बोलते हुए गोयल ने कहा कि उत्पादन को बढ़ाने और नवीन उत्पादों का उत्पादन करने के लिए निवेश और प्रौद्योगिकी पर भी ध्यान केंद्रित किया जाना चाहिए।
- उन्होंने आगे कहा कि फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (FDDI) जैसे संस्थान, केंद्रीय चमड़ा अनुसंधान संस्थान (सीएलआरआई) और राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) बाजार के बदलते रुझानों और आवश्यकताओं के अनुरूप नए उत्पादों और प्रौद्योगिकियों को विकसित करने के लिए उद्योग के साथ सहयोग करेंगे।