फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Business ›   Business Diary ›   Nestle India Stock Crashes 3% in 2 Minutes After FSSAI Notice Over Insects in Maggi

Maggi Row: मैगी में निकले कीड़े तो FSSAI ने भेजा नोटिस, दो मिनट में ही 3% धड़ाम हुआ नेस्ले इंडिया का शेयर

Fri, 12 Jun 2026 08:54 PM IST
कुमार विवेक बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: कुमार विवेक Updated Fri, 12 Jun 2026 08:54 PM IST
सार

मैगी नूडल्स में कीड़े मिलने की शिकायत पर एफएसएसएआई की ओर से नोटिस जारी करने के बाद नेस्ले इंडिया के शेयर दो मिनट में ही तीन प्रतिशत तक टूट गए। जानें एफएसएसएआई ने कंपनी से क्या जवाब मांगा है और निवेशकों में क्यों है दहशत। पढ़ें पूरी खबर।

विज्ञापन
Nestle India Stock Crashes 3% in 2 Minutes After FSSAI Notice Over Insects in Maggi
मैगी की कीमतें - फोटो : amarujala.com

विस्तार

दो मिनट में बनने वाली मैगी ने शेयर बाजार में नेस्ले इंडिया के निवेशकों को दो मिनट में ही भारी झटका दे दिया है। फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एफएसएसएआई) की ओर से मैगी नूडल्स में कीड़े मिलने की शिकायत पर नोटिस जारी करते ही कंपनी के शेयरों में भारी गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, मैगी में कीड़ा मिलने के आरोपों को कंपनी ने पूरी तरह खारिज किया है।

विज्ञापन


आइए आसान भाषा में समझते हैं कि नियामक ने कंपनी से क्या जवाब मांगा है और इस खबर ने शेयर बाजार में निवेशकों को क्यों डरा दिया है।

मैगी में ऐसा क्या मिला कि नेस्ले के शेयरों में हड़कंप मच गया? 

एफएसएसएआई को मैगी नूडल्स के एक पैकेट में कीड़े या लार्वा पाए जाने की शिकायत मिली थी। इस गंभीर शिकायत के बाद नियामक ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कंपनी को नोटिस जारी कर दिया। इस खबर के सामने आते ही शुक्रवार को लाल निशान में कारोबार कर रहे नेस्ले के शेयरों में अचानक भारी बिकवाली शुरू हो गई।

विज्ञापन

शेयर बाजार में महज 2 मिनट में ही शेयर 3% तक कैसे टूट गया?

जैसे ही निवेशकों को मैगी में कीड़े मिलने और FSSAI के नोटिस की भनक लगी, बाजार में पैनिक फैल गया। देखते ही देखते सिर्फ 2 मिनट के भीतर नेस्ले इंडिया का शेयर धड़ाम हो गया और इसमें 3 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई।

विज्ञापन
विज्ञापन

एफएसएसएआई ने नेस्ले इंडिया से जवाब में कौन सी रिपोर्ट मांगी है?

नियामक ने नेस्ले से एक विस्तृत एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) प्रस्तुत करने को कहा है। इस रिपोर्ट के जरिए कंपनी को यह बताना होगा कि उसने इस मामले में अब तक क्या ठोस कदम उठाए हैं।

खराब बैच और सप्लाई चेन को लेकर नियामक के क्या कड़े निर्देश हैं?

नियामक ने साफ तौर पर कहा है कि कंपनी को संबंधित विक्रेता की जानकारी, उस विशेष बैच की आंतरिक क्वालिटी जांच का रिकॉर्ड और सप्लाई चेन से प्रभावित उत्पादों को हटाने (रिकॉल) के लिए उठाए गए सुधारात्मक कदमों का पूरा ब्यौरा देना होगा। साथ ही भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए लागू किए जा रहे उपायों की जानकारी भी मांगी गई है।

मैगी के नोटिस से निवेशकों के बीच इतनी ज्यादा घबराहट क्यों है?

निवेशकों की इस घबराहट के पीछे का मुख्य कारण नेस्ले इंडिया के रेवेन्यू में मैगी का बड़ा हिस्सा होना है। मैगी ब्रांड कंपनी के कुल रेवेन्यू (राजस्व) में लगभग 30% का भारी-भरकम योगदान देता है। कंपनी के पोर्टफोलियो का इतना महत्वपूर्ण हिस्सा होने के कारण, मैगी से जुड़े किसी भी नियामक विवाद या क्वालिटी इश्यू का सीधा नकारात्मक असर निवेशकों की भावना और शेयर की कीमत पर पड़ता है।

क्या किसी अन्य फूड चेन पर भी नियामक की गाज गिरी है?

हां, नेस्ले के अलावा एफएसएसएआई ने एलुरु के एमवीआर मॉल में स्थित एक केएफसीआउटलेट को भी नोटिस भेजा है। इस आउटलेट पर गंदगी से भरी परिस्थितियों में रेस्तरां चलाने का आरोप है। नियामक ने आउटलेट से साफ-सफाई, फूड और वेस्ट मैनेजमेंट, पेस्ट कंट्रोल और कर्मचारियों की स्वच्छता से जुड़ी कमियों पर विस्तृत जवाब मांगा है।

नेस्ले इंडिया में प्रमोटर्स और अन्य निवेशकों की मौजूदा हिस्सेदारी क्या है? 

मार्च 2026 के आंकड़ों के अनुसार, नेस्ले इंडिया में प्रमोटर्स के पास 62.8 प्रतिशत की हिस्सेदारी है। इसके अलावा, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) के पास 9.7%, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) के पास 12.4% और पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास 15.1% हिस्सेदारी मौजूद है।

मैगी में कीड़े मिलने के दावों पर नेस्ले इंडिया ने क्या कहा है?

नेस्ले इंडिया ने मैगी नूडल्स में कीड़े मिलने के इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। कंपनी के प्रवक्ता का कहना है कि यह आरोप एक असत्यापित अकाउंट के आधार पर मीडिया में फैलाए जा रहे हैं और शिकायतकर्ता से संपर्क न हो पाने के कारण कंपनी को अब तक जांच के लिए कोई सैंपल भी नहीं मिला है। नेस्ले ने संबंधित अधिकारियों को अपनी विस्तृत रिपोर्ट सौंप दी है, जिसमें बैच और बाजार के सैंपल्स का पूरा डेटा शामिल है। कंपनी ने दावा किया है कि 'एफएसएसएआई' से मान्यता प्राप्त लैब में हुई जांच की रिपोर्ट में यह पूरी तरह साफ हो गया है कि उस बैच के उत्पादों में किसी भी तरह के कीड़े या गंदगी की कोई मौजूदगी नहीं थी। नेस्ले ने ग्राहकों को अपनी कड़ी क्वालिटी और फूड सेफ्टी का भरोसा दिलाते हुए कहा है कि उन्हें यकीन है कि सबूतों के आधार पर जल्द ही पूरा सच सबके सामने आ जाएगा।

एफएमसीजी सेक्टर में क्वालिटी को लेकर किसी भी तरह की चूक कंपनियों के लिए कितनी भारी पड़ सकती है, नेस्ले इंडिया का यह ताजा मामला इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। निवेशकों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि कंपनी एफएसएसएआई को अपनी जांच रिपोर्ट में क्या सफाई पेश करती है।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें कारोबार समाचार और Union Budget से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। कारोबार जगत की अन्य खबरें जैसे पर्सनल फाइनेंस, लाइव प्रॉपर्टी न्यूज़, लेटेस्ट बैंकिंग बीमा इन हिंदी, ऑनलाइन मार्केट न्यूज़, लेटेस्ट कॉरपोरेट समाचार और बाज़ार आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed