MSME बीमा : नुकसान को दरकिनार कर बेफिक्र बढ़ाएं कारोबार; पॉलिसी में कामगारों को मुआवजा, चोरी की भी भरपाई
प्राकृतिक आपदा, दंगे, चोरी और आग लगने जैसे अन्य जोखिमों की वजह से कारोबार को भारी नुकसान पहुंच सकता है। अगर आप चाहते हैं कि ऐसे नुकसान की चिंता किए बिना आप कारोबार को आगे बढ़ाते रहें तो, इसमें एमएसएमई बीमा मददगार साबित हो सकता है।
विस्तार
एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम) अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। यह न सिर्फ देश की कुल जीडीपी में 30 फीसदी का योगदान देती है बल्कि करोड़ों लोगों को रोजगार भी मुहैया कराती है। सरकार के स्वरोजगार पहल से लोगों में अपना कारोबार/उद्यम शुरू की धारणा बढ़ी है। किसी उद्यम का मालिक होना गर्व की बात है, लेकिन इस राह में कई जोखिम भी हैं। प्राकृतिक आपदा, दंगे, चोरी और आग लगने जैसे अन्य जोखिमों की वजह से कारोबार को भारी नुकसान पहुंच सकता है। अगर आप चाहते हैं कि ऐसे नुकसान की चिंता किए बिना आप कारोबार को आगे बढ़ाते रहें तो, इसमें एमएसएमई बीमा मददगार साबित हो सकता है। बीमा नियामक इरडा ने ऐसे जोखिमों से बचाने के लिए कई पॉलिसी पेश की हैं।
कामगारों को मुआवजा
यह कवर कारोबारी परिसर में सेवाएं देने वाले कर्मचारियों के लिए होती है। एक विनिर्माण इकाई में विभिन्न गतिविधियां होती है, जो मानव जीवन के लिए जोखिम पैदा कर सकती हैं। यह पॉलिसी ऐसे कर्मचारियों की कार्यस्थल पर कमाने की क्षमता और इलाज के कारण होने वाले नुकसान की मुआवजे के रूप में भरपाई करती है।
भारत सूक्ष्म व लघु उद्यम सुरक्षा
इरडा ने पांच करोड़ तक के निवेश वाले सूक्ष्म उद्यमों के लिए भारत सूक्ष्म उद्यम पॉलिसी बनाई है। यह व्यापक पॉलिसी संपत्ति संरचना और सामग्री दोनों के नुकसान को कवर करती है।
- भारत लघु उद्यम सुरक्षा पॉलिसी पांच करोड़ से लेकर 50 करोड़ रुपये तक के निवेश वाले उद्यमों के लिए है। यह विशेष रूप से एमएसएमई के लिए उपयोगी पॉलिसी है। इसमें विभिन्न स्थानों पर मौजूद उन स्टॉक को होने वाला नुकसान भी होता है, जिनके मूल्य में भिन्नता है। इसके लिए ऐड-ऑन कवर लेना पड़ता है।
चोरी की भी भरपाई
यह पॉलिसी आपकी संपत्ति में चोरी या सेंधमारी या उसमें हुए नुकसान को कवर करती है। अगर आपके कारोबारी परिसर में किसी वस्तु की चोरी हो जाए, तो यह पॉलिसी उसकी भी भरपाई करती है। हालांकि, इसके लिए पॉलिसी लेते समय आपको परिसर में मौजूदा वस्तुओं की जानकारी देनी होगी।
प्रॉडक्ट लायबिलिटी
इसमें विक्रेताओं या निर्माताओं के दोषपूर्ण उत्पाद से ग्राहक को होने वाली शारीरिक क्षति को कवर किया जाता है। अगर ग्राहक दोषपूर्ण उत्पाद से होने वाले नुकसान की वजह से शिकायत दर्ज कराता है, तो प्रॉडक्ट लायबिलिटी पॉलिसी बीमाधारक की ओर से जवाब देगी और आवश्यक क्षतिपूर्ति करेगी।