Air India: महिला मित्र को कॉकपिट में बुलाना पड़ा महंगा; एयर इंडिया सख्त, दो पायलट्स को रोस्टर से हटाया गया
Air India: एयर इंडिया के एक शीर्ष अधिकारी ने समाचार एजेंसी को बताया, "एआई -445 के पायलट की एक महिला मित्र ने नियमों का पालन किए बिना कॉकपिट में प्रवेश किया, दोनों पायलटों को एयर इंडिया की ओर से ग्राउंड/ऑफ-रोस्टर कर दिया गया है।"
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अपनी महिला मित्र को कॉकपिट में आमंत्रित करने पर एयर इंडिया के एक पायलट को उड़ान भरने से रोके जाने के एक महीने बाद एयरलाइन ने पिछले सप्ताह दिल्ली-लेह उड़ान के कॉकपिट में एक महिला को आमंत्रित करने के मामले में अब दो पायलटों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। एयर इंडिया प्रबंधन ने एआई-445 विमान के कॉकपिट में अनधिकृत महिला यात्री के प्रवेश के संबंध में केबिन क्रू से शिकायत मिलने के तुरंत बाद पायलट और सह-पायलट के खिलाफ कार्रवाई की।
डीजीसीए बोला- मामले में की जा रही जरूरी कार्रवाई
एयर इंडिया के एक शीर्ष अधिकारी ने समाचार एजेंसी को बताया, "एआई-445 के पायलट की एक महिला मित्र ने नियमों का पालन किए बिना कॉकपिट में प्रवेश किया इसके बाद दोनों पायलटों को एयर इंडिया की ओर से ग्राउंड/ऑफ-रोस्टर दिया गया है। घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए नागर विमानन निदेशालय (डीजीसीए) ने कहा, ''डीजीसीए इस मुद्दे से अवगत है और प्रक्रियाओं के अनुसार मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।" एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी को बताया, "एयर इंडिया ने विस्तार से जांच के लिए एक समिति का गठन किया है। हालांकि एयर इंडिया की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेह मार्ग सुरक्षा के लिहाज से देश के सबसे कठिन और संवेदनशील हवाई मार्गों में से एक है और वाणिज्यिक विमान में कॉकपिट में अनधिकृत व्यक्ति को अनुमति देना कानून का उल्लंघन है।"
लेह का रूट विमानों के उड़ान भरने के मामले में बेहद संवेदनशील
विमानन विशेषज्ञ विपुल सक्सेना ने कहा, "लेह हवाई अड्डे पर उतरना देश भर में सबसे कठिन अभियानों में से एक है क्योंकि उच्च ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाके हैं और देश के रक्षा बलों के ठिकानों की उपस्थिति के कारण भी संवेदनशील है। इसके अलावा, इस इलाके में काम करने के लिए अपर्याप्त ऑक्सीजन स्तर के कारण बहुत अच्छे स्वास्थ्य रिकॉर्ड की आवश्यकता होती है और इसके कारण लेह के विमानों के संचालन के लिए केवल अच्छे स्वास्थ्य रिकॉर्ड वाले उच्च कुशल पायलटों को तैनात किया जाना चाहिए।"
फरवरी में भी महिला मित्र को कॉकपिट में बुलाने पर पायलट पर हुई थी कार्रवाई
डीजीसीए ने हाल ही में एयर इंडिया के एक पायलट का लाइसेंस निलंबित कर दिया था, जिसने 27 फरवरी को दुबई से दिल्ली मार्ग पर एयर इंडिया की उड़ान एआई-915 के कॉकपिट में अपनी महिला मित्र को प्रवेश दिया था। डीजीसीए ने कॉकपिट से जुड़े नियमों के उल्लंघन की घटना में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई नहीं करने के आरोप में एयरलाइन पर 30 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।