ED: धनशोधन मामले में ईडी के सामने पेश हुए जयंत पाटिल, नौ घंटे से ज्यादा देर तक हुई पूछताछ, कहा- सभी आरोप झूठे
ईडी की पूछताछ में शामिल होने के लिए घर से निकलने से पहले पाटिल ने सोमवार को कहा, ‘‘ मैं विपक्ष का हिस्सा हूं और इस प्रकार की परेशानी झेलनी होगी। मैंने आईएलएंडएफएस का नाम पहले कभी नहीं सुना लेकिन ईडी के अधिकारियों ने मुझे पेश होने के लिए कहा है। मैं उनके प्रश्नों का कानूनी दायरे के तहत जवाब देने की कोशिश करूंगा।’’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में महाराष्ट्र एनसीपी अध्यक्ष जयंत पाटिल से सोमवार को नौ घंटे से अधिक पूछताछ की। ईडी आईएल एंड एफएस (इंफ्रास्ट्रक्चर लीजिंग एंड फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड) में वित्तीय अनियमितता के मामले में मनी लॉन्ड्रिंग जांच कर रहा है। पाटिल सुबह 11:50 बजे दक्षिण मुंबई स्थित ईडी दफ्तर पहुंचे। बड़ी संख्या में समर्थक भी उनके साथ पहुंचे। नौ घंटे से अधिक चली पूछताछ के बाद पाटिल रात 9:25 बजे ईडी दफ्तर से बाहर आए। उनके बाहर निकलते ही एनसीपी नेताओं व समर्थकों ने उन्हें घेर लिया।
सारे आरोप झूठे हैं: पाटिल
जयंत पाटिल ने सोमवार देर रात मीडिया से कहा कि मैंने ईडी अधिकारियों द्वारा पूछे गए सभी सवालों का जवाब दिया है। मेरा आईएल एंड एफएस (IL&FS) से कोई संबंध नहीं है। मेरे खाते में पैसे नहीं आए और मैंने किसी से पैसे नहीं लिए हैं। जब भी वे (ईडी) मुझे फिर से जांच में शामिल होने के लिए बुलाएंगे, मैं जाऊंगा और संघीय एजेंसी के साथ सहयोग करूंगा। उन्होंने कहा कि सभी आरोप झूठे हैं, मेरा दमन साफ है।
इस्लामपुर से विधायक 61 वर्षीय पाटिल को ईडी ने सबसे पहले 12 मई को पेश होने का समन भेजा था। लेकिन पाटिल ने कुछ निजी कारणों से 10 दिन का और वक्त मांगा था। जिसके बाद उन्हें 22 मई को पेश होने के लिए कहा गया। पाटिल ने मई के पहले हफ्ते में मीडिया से कहा था कि उनका आईएएफएस से कोई संबंध या वित्तीय लेनदेन नहीं रहा है।
ईडी की पूछताछ में शामिल होने के लिए घर से निकलने से पहले पाटिल ने सोमवार को कहा, ‘‘मैं विपक्ष का हिस्सा हूं और इस प्रकार की परेशानी झेलनी होगी। मैंने आईएल एंड एफएस का नाम पहले कभी नहीं सुना लेकिन ईडी के अधिकारियों ने मुझे पेश होने के लिए कहा है। मैं उनके प्रश्नों का कानूनी दायरे के तहत जवाब देने की कोशिश करूंगा।’’ जयंत पाटिल के समर्थन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता राकांपा कार्यालय के बाहर एकत्र हुए जो दक्षिण मुंबई में ईडी के कार्यालय के बगल में स्थित है। पाटिल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने और अधिकारियों को अपना काम करने देने की अपील की।
पाटिल से पूछताछ सत्तापक्ष की उम्मीदें पूरा न करने का नतीजा: शरद पवार
पाटिल से पूछताछ पर एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने संकेत दिया कि उनकी पार्टी के कुछ नेताओं के खिलाफ कार्रवाई सत्तारूढ़ व्यवस्था की उम्मीदें पूरा करने से इन्कार का नतीजा हो सकती हैं। पवार ने कहा, इस संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता है कि मौजूदा सरकार को एनसीपी के 9-10 नेताओं से कुछ उम्मीदें हैं। हम उन अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए तैयार नहीं हैं और अपने रुख की कीमत चुकाने को तैयार हैं। हमने जो रास्ता चुना है, उसे हम कभी नहीं छोड़ेंगे।
ईडी सीबीआई के 95 फीसदी मामले विपक्षी नेताओं के खिलाफ: सुप्रिया
एनसीपी नेता और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने कहा, पिछले कुछ वर्षों में ईडी या सीबीआई के सभी मामलों में से 90 से 95 फीसदी देश में विपक्षी नेताओं के खिलाफ हैं। इसे मीडिया ने भी व्यापक रूप से रिपोर्ट किया गया है। जो विपक्ष में है उसे जांच एजेंसियों से आसानी से नोटिस मिल जाता है।
देश लोकतंत्र से तानाशाही शासन की ओर बढ़ रहा: आदित्य ठाकरे
शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने दावा किया कि देश लोकतंत्र से तानाशाही शासन की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, सच्चाई का पक्ष लेने वालों, जो कभी-कभी सरकार के खिलाफ होते हैं, उन पर केंद्रीय जांच एजेंसियों की मदद से दबाव डाला जा रहा है और यह पैटर्न पूरे देश में देखा जा सकता है।