National Highway: देश में एनएच के निर्माण की गति थमी, अगस्त महीने में घटकर 19 किमी प्रतिदिन हुई
National Highway: सड़क व परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने अगस्त 2022 के लिए कैबिनेट के लिए जारी अपने मासिक सारांश में कहा है कि मंत्रालय ने अगस्त 2022 तक 2,912 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण किया है। जबकि पिछले साल अगस्त तक यह आंकड़ा 3,355 किलोमीटर था।
विस्तार
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, चालू वित्त वर्ष के पहले पांच महीनों के दौरान देश में राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण की गति धीमी होकर 19 किमी प्रति दिन हो गई है। बता दें कि देश में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) निर्माण की गति 2020-21 में रिकॉर्ड 37 किमी प्रति दिन तक पहुंच गई थी। वर्ष 2021-22 में यह गति धीमी होकर 28.64 किमी प्रति दिन हो गई थी यह कमी कोरोना महामारी और देश के कुछ हिस्सों में सामान्य लंबा मानसून होने के कारण हुई थी।
सड़क व परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने अगस्त 2022 के लिए कैबिनेट के लिए जारी अपने मासिक सारांश में कहा है कि मंत्रालय ने अगस्त 2022 तक 2,912 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण किया है। जबकि पिछले साल अगस्त तक यह आंकड़ा 3,355 किलोमीटर था।
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष अप्रैल से अगस्त महीने के दौरान यह आंकड़ा 2,706 किलोमीटर है, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 3,261 किलोमीटर था।