छोटे शहरों में शुरू हो गई CNG-PNG आपूर्ति की तैयारी, इन 3 राज्यों के जिलों पर सरकार का पहले फोकस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के रोड शो को शुरू करते हुए पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि सरकार ने वर्ष 2020 तक एक करोड़ घरों में पीएनजी कनेक्शन पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। इसी को ध्यान में रख कर सिटी गैस वितरण के लिए नौंवे दौर की बोली प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
इसमें देश भर के 22 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के 174 जिले पूर्णत: या आंशिक तौर पर गैस नेटवर्क से जुड़ जाएंगे। उन्होंने बताया कि अगले साल अप्रैल तक इन शहरों में प्राकृतिक गैस की आपूर्ति शुरू हो जाए, इस लक्ष्य के साथ काम शुरू किया गया है।
देश के 11 फीसदी हिस्से में होने लगेगी गैस की आपूर्ति
इस अवसर पर पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) के अध्यक्ष डीके सर्राफ ने बताया कि इस दौर में देश का करीब 11 फीसदी हिस्सा कवर हो जाएगा। इसके तहत करीब सवा चार करोड़ घरों में पीएनजी आपूर्ति जबकि 31 लाख मोटर वाहनों को सीएनजी आपूर्ति का मार्ग प्रशस्त होगा।
यही नहीं, वाणिज्यिक संस्थानों में भी करीब 26,000 कनेक्शन दिये जाने की योजना है। उनके मुताबिक अभी भारत में प्राकृतिक गैस की खपत काफी कम, महज 6.2 फीसदी ही है जबकि दुनिया भर में यह औसत खपत 24 फीसदी पर है। यह स्वच्छ ईंधन है और इसका उपयोग बढ़ाना होगा तभी प्रदूषण के स्तर को कम किया जा सकता है।
इस बार जुड़ेंगे छोटे-छोटे शहर
इस दौर में जिन शहरों के लिए बोली आमंत्रित किया जाना है उनमें अलीगढ़, अमेठी, औरैया, हाथरस, भदोही, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, रायबरेली, कानपुर देहात, इटावा, फैजाबाद, सुल्तानपुर, गोरखपुर, खलीलाबाद, कुशीनगर, मेरठ के बचे हिस्से, मुजफ्फरनगर, शामली आदि जिले शामिल हैं।
यही नहीं, उत्तराखंड के देहरादून में भी पीएनजी और सीएनजी पहुंचाने की योजना है। हरियाणा की बात करें तो वहां भी हिसार, झज्जर, नूह, पलवल, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ जैसे स्थानों पर पीएननी और सीएनजी पहुंचाने की योजना है।
वाराणसी में पीएनजी लाइन लोकार्पण को तैयार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी में पीएनजी और सीएनजी का वितरण तंत्र बन कर तैयार हो गया है। अब प्रधानमंत्री से लोकार्पण के लिए समय मांगा गया है। समय मिलते ही वहां प्राकृतिक गैस की आपूर्ति शुरू हो जाएर्गी। इस बात की जानकारी धर्मेंद्र प्रधान ने दी। उन्होंने बताया कि वाराणसी में प्राकृतिक गैस वितरण तंत्र के लिए ढांचागत संरचना तैयार कर लिया गया है। वह खुद इस बात की तस्दीक कर आए हैं।