Gold Silver Price: धनतेरस, दिवाली और शादी ब्याह का सीजन, लगातार बढ़ती मांग के बीच सोना-चांदी रिकॉर्ड हाई पर
Sone aur Chandi ke Bhav: धनतेरस, दिवाली और शादियों का सीजन शुरू होने के पहले सोने और चांदी की कीमतों में बुधवार को भी तेजी दिखी। लगातार छठे कारोबारी सत्र में सोने और चांदी के भाव नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचे। आइए जानते हैं देश की राजधानी में सोने और चांदी का भाव क्या रहा और इसमें पिछले कुछ दिनों में लगातार तेजी क्यों बनी हुई है।
विस्तार
धनतेरस, दिवाली और शादी विवाह के मौसम से पहले मांग बढ़ने के कारण बुधवार को दिल्ली में सोने और चांदी की कीमतों में लगातार छठे कारोबारी सत्र में तेजी आई और नये रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गईं। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, सोने की कीमत 500 रुपए बढ़कर 81,500 रुपए प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई, जबकि चांदी की कीमत 1,000 रुपए बढ़कर एक लाख दो हजार रुपए प्रति किलोग्राम हो गई।
99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 500-500 रुपए बढ़कर क्रमश: 81,500 रुपए प्रति 10 ग्राम और 81,100 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया। मंगलवार को चांदी की कीमत 1,000 रुपए की तेजी के साथ 1.02 लाख रुपए प्रति किलोग्राम की नई ऊंचाई पर पहुंच गई, जबकि इससे पहले चांदी की कीमत 1.01 लाख रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी
बीते छह कारोबारी सत्रों में चांदी 10 हजार रुपये मजबूत हुई
पिछले छह कारोबारी सत्रों में चांदी की कीमतों में 10,000 रुपये प्रति किलोग्राम की तेजी आई। 16 अक्तूबर से सोने की कीमतों में 2,850 रुपये प्रति 10 ग्राम की तेजी आई है। एसकेआई कैपिटल के प्रबंध निदेशक नरिंदर वाधवा के अनुसार, सर्राफा बाजार और एमसीएक्स पर चांदी की कीमत 1 लाख रुपये तक पहुंचने का कारण त्योहारी सीजन के दौरान मांग बढ़ना और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से पनपा भू-राजनीतिक जोखिम है।
जुलाई में सरकार की ओर से सोने और अन्य धातुओं के आयात पर सीमा शुल्क में कटौती के बाद स्थानीय बाजारों में सोने और चांदी की कीमतों में 7 प्रतिशत की गिरावट आई थी। उसके बाद त्योहारों, अमेरिका में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद और भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने से भारतीय उपभोक्ताओं के बीच मांग बढ़ी, जिससे सर्राफा कीमतों में उछाल आया।
एमसीएक्स पर वायदा कारोबार में दिसंबर डिलीवरी वाले सोने के अनुबंध का भाव 112 रुपये अथवा 0.14 प्रतिशत बढ़कर 78,768 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। कारोबार के दौरान यह बहुमूल्य धातु 263 रुपये या 0.33 प्रतिशत उछलकर 78,919 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई।
सोने की कीमतों उछाल का कारण यहां जानिए
कॉमेक्स में बढ़त के कारण सोने की कीमतों में एक और सकारात्मक रुख दिखा और सोना 2,750 डॉलर के करीब पहुंच गया। इससे एमसीएक्स पर सोने को 78,750 रुपये से ऊपर रहने में मदद मिली। एलकेपी सिक्योरिटीज के कमोडिटी व करेंसी सेगमेंट के उपाध्यक्ष औश्र अनुसंधान विश्लेषक जतिन त्रिवेदी ने कहा, "वर्तमान अनुकूल ब्याज दर चक्र सोने की वृद्धि को समर्थन देने वाला मुख्य कारण रहा है।" इसके अलावा, त्रिवेदी ने कहा कि आगामी अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के परिणाम को लेकर अनिश्चितता भी सोने की कीमतों को ऊंचा रखने में भूमिका निभा रही है।
इस बीच, दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी का वायदा भाव 456 रुपये यानी 0.46 प्रतिशत गिरकर 99,516 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। दिन के कारोबार के दौरान एमसीएक्स पर चादी का भाव 109 रुपये अथवा 0.11 प्रतिशत बढ़कर 1,00,081 रुपये प्रति किलोग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर के करीब पहुंच गया। वैश्विक स्तर पर कॉमेक्स सोना वायदा 0.17 प्रतिशत बढ़कर 2,764.50 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा। सोने की कीमतें लगातार उच्च स्तर पर पहुंचीं और बुधवार को 2,750 डॉलर के स्तर को पार कर गईं।
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण निवेशकों में सोने के प्रति आकर्षण
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के कमोडिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी के अनुसार मौजूदा जोखिम-रहित माहौल और पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने की आशंका के कारण व्यापारी सोने की ओर आकर्षित हो रहे हैं, और इसमें निवेश बढ़ रहा है।"
हालांकि, एशियाई बाजारों में चांदी 0.86 प्रतिशत की गिरावट के साथ 34.74 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखी। मेहता इक्विटीज लिमिटेड के कमोडिटीज के उपाध्यक्ष राहुल कलंत्री ने कहा, "सोने और चांदी में मजबूत तेजी देखी गई, सोने की कीमतें नई ऊंचाई पर पहुंच गईं, जबकि चांदी 35 डॉलर प्रति औंस के साथ 12 साल के नए उच्च स्तर पर पहुंच गई।"