{"_id":"62663d810cd78d71e246bb4c","slug":"gautam-adani-reached-5th-place-in-top-10-billionaires-list-beats-warren-buffett-know-about-mukesh-ambani","type":"story","status":"publish","title_hn":"गौतम अडानी का जलवा: टॉप-10 अरबपतियों में पांचवें नंबर पर पहुंचे, संपत्ति के मामले में वॉरेन बफे को भी पछाड़ा","category":{"title":"Business Diary","title_hn":"बिज़नेस डायरी","slug":"business-diary"}}
गौतम अडानी का जलवा: टॉप-10 अरबपतियों में पांचवें नंबर पर पहुंचे, संपत्ति के मामले में वॉरेन बफे को भी पछाड़ा
Mon, 25 Apr 2022 11:50 AM IST
दीपक चतुर्वेदी
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: दीपक चतुर्वेदी
Updated Mon, 25 Apr 2022 11:50 AM IST
सार
Gautam Adani Is 5th Richest Person In World: फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक, 123 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ गौतम अडानी पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। जबकि पहले से इस नंबर पर मौजूद वॉरेन बफे 121.7 अरब डॉलर नेटवर्थ के साथ छठे स्थान पर खिसक गए हैं।
विज्ञापन
गौतम अडानी की संपत्ति में इजाफा।
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दुनिया के टॉप-10 अरबपतियों की सूची में भारतीयों का दबदबा कायम है और इसमें शामिल दो भारतीय उद्योगपति लगातार ऊपर बढ़ते जा रहे हैं। एशिया के सबसे अमीर अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी एक और उपलब्धि हासिल करते हुए शीर्ष अरबपतियों की इस लिस्ट में पांचवें स्थान पर जा पहुंचे हैं। उन्होंने पहले इस पायदान पर काबिज वॉरेन बफे को पीछे छोड़ दिया है। वहीं दूसरी ओर रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी आठवें पायदान पर पहुंच गए हैं।
विज्ञापन
123 अरब डॉलर हुई अडानी की नेटवर्थ
गौतम अडानी लगातार सफलता की सीढ़ियां चढ़ते जा रहे हैं। दुनियाभर के अरबपतियों में भारतीयों का झंडा बुलंद करते हुए वह अब पांचवें सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक, 123 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ अडानी पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। जबकि पहले से इस नंबर पर मौजूद वॉरेन बफे 121.7 अरब डॉलर नेटवर्थ के साथ छठे स्थान पर खिसक गए हैं। अब अडानी से आगे दुनिया के सबसे अमीर एलन मस्क, अमेजन के जेफ बेजोस, बर्नार्ड अरनॉल्ट और बिल गेट्स रह गए हैं। माक्रोसॉफ्ट के बिल गेट्स से गौतम अडानी महज सात अरब डॉलर पीछे हैं।
विज्ञापन
बाजार गिरने पर भी अडानी के शेयर चमके
गौरतलब है कि शेयर बाजार में भारी गिरावट के बीच भारत और एशिया के सबसे बड़े रईस गौतम अडानी की सात में से पांच कंपनियों के शेयरों में तेजी दिख रही है। अडानी पावर और अडानी विल्मर के शेयरों में चार फीसदी से अधिक तेजी आई। अडानी पावर के शेयर ने तो अपर सर्किट छू लिया और इसके साथ ही कंपनी का मार्केट कैप एक लाख करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच गया। वह यह मुकाम हासिल करने वाली अडानी ग्रुप की छठी कंपनी बन गई है। अडानी पावर के शेयर में पिछले एक महीने में 109 फीसदी तेजी आई है। कंपनी के शेयरों में इस महीने 46 फीसदी और इस साल 165 फीसदी से अधिक तेजी आई है। सोमवार को बीएसई पर यह 4.71 फीसदी तेजी के साथ 271.40 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। इसके साथ ही इसका मार्केट कैप 1,04,658.04 करोड़ रुपये पहुंच गया।
विज्ञापन
मुकेश अंबानी आठवें पायदान पर पहुंचे
एक ओर जहां गौतम अडानी अरबपतियों की सूची में लंबी छलांग लगा रहे हैं, तो इसमें शामिल दूसरे भारतीय उद्योगपति मुकेश अंबानी भी अपनी हैसियत को बढ़ाते जा रहे हैं। मुकेश अंबानी 103.5 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ आठवें पायदान पर पहुंच गए हैं। वहीं बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक, फेसबुक के मार्क जकरबर्ग लगातर नीचे खिसकते जा रहे हैं। टॉप-10 की सूची से तो वह पहले ही बाहर हो गए थे, अब उनकी संपत्ति और भी कम हो गई है और 66.1 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ जकरबर्ग 19वें पायदान पर खिसक गए हैं।
पहले नंबर पर एलन मस्क का कब्जा
दुनिया के शीर्ष अरबपतियों में पहले स्थान पर टेस्ला के सीईओ एलन मस्क का कब्जा बरकरार है। मस्क 269.7 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ पहले स्थान पर पांव जमाए हुए हैं। वहीं 170.2 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ अमेजन के जेफ बेजोस दूसरे स्थान पर मौजूद हैं। फ्रांस के उद्योगपति बर्नार्ड अरनॉल्ट 166.8 अरब डॉलर और माइक्रोसॉफ्ट के बिल गेट्स 130.2 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ क्रमश: तीसरे और चौथे स्थान पर काबिज हैं। अन्य अरबपतियों की बात करें तो लैरी एलिसन 107.6 अरब डॉलर के साथ सातवें स्थान पर, लैरी पेज 102.4 अरब डॉलर नेटवर्थ के साथ नौवें और सर्गेई ब्रिन 98.5 अरब डॉलर के साथ दसवें पायदान पर हैं।