Pee in Plane Row: विमान में महिला यात्री पर पेशाब करने के मामले में डीजीसीए सख्त, महिला आयोग ने भी नोटिस भेजा
Pee in Plane Row: डीजीसीए ने एयरलाइन, उसके उड़ान सुरक्षा निदेशक और न्यूयॉर्क-दिल्ली उड़ान का संचालन करने वाले चालक दल के सदस्यों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर बताने को कहा कि उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों ना की जाए?
विस्तार
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने पेरिस-नई दिल्ली उड़ान में एक महिला के कंबल पर पेशाब करने के मामले में एयर इंडिया से रिपोर्ट मांगी है। डीजीसीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि विमानन कंपनी ने नियामक को इस घटना की जानकारी नहीं दी। इसलिए उनसे जवाब मांगा गया है। बता दें कि एयर इंडिया ने गुरुवार को पिछले साल 6 दिसंबर को हुई इस शर्मनाक घटना की पुष्टि की थी।
घटना के महज दस दिन पहले पिछले इसी तरह की एक घटना एयरलाइन की न्यूयॉर्क-नई दिल्ली उड़ान के दौरान बिजनेस क्लास में भी हुई थी। 26 नवंबर को नशे में धुत एक व्यक्ति ने अपनी 70 वर्षीय महिला सह-यात्री पर कथित तौर पर पेशाब कर दिया था। उस घटना की सूचना भी नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) को भी नहीं दी गई थी। अब इस इन मामलों पर नियामक ने सख्ती दिखाई है। नियामक ने एयरलाइन की खिंचाई करते हुए कहा कि उसका आचरण गैरपेशेवर है। डीजीसीए ने एयरलाइन, उसके उड़ान सुरक्षा निदेशक और न्यूयॉर्क-दिल्ली उड़ान का संचालन करने वाले चालक दल के सदस्यों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर बताने को कहा कि उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों ना की जाए?
डीजीसीए के सूत्रों के अनुसार, एक एयरलाइन किसी भी घटना की सूचना तुरंत विमानन सुरक्षा नियामक को देने के लिए बाध्य है। डीजीसीए ने एक बयान में कहा, 'एयर इंडिया ने एक महिला यात्री के कंबल पर पेशाब करने की घटना की सूचना नहीं दी। इसलिए हमने एयरलाइन से रिपोर्ट मांगी है।
अधिकारी ने कहा कि डीजीसीए एयर इंडिया से रिपोर्ट मिलने के बाद उसके खिलाफ किसी भी कार्रवाई पर विचार करेगा। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया था कि एयर इंडिया का पेरिस-दिल्ली विमान छह दिसंबर को सुबह करीब नौ बजकर 40 मिनट पर दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरा और हवाई अड्डे के सुरक्षा बल को सूचित किया गया कि पुरुष यात्री शराब के नशे में था और वह चालक दल के सदस्यों के निर्देशों का पालन नहीं कर रहा था। उन्होंने बताया कि महिला यात्री ने शुरू में लिखित शिकायत की थी, लेकिन उसने पुलिस में मामला दर्ज कराने से इनकार कर दिया और इसलिए आव्रजन एवं सीमा शुल्क संबंधी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद यात्री को हवाई अड्डे के सुरक्षा घेरे से जाने दिया गया।
एयर इंडिया ने एक बयान में कहा, ''एयर इंडिया इस बात की पुष्टि करता है कि छह दिसंबर, 2022 को पेरिस से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की उड़ान संख्या 142 में एक यात्री ने साथी यात्री की खाली सीट और कंबल पर पेशाब किर दिया। चालक दल ने आरोपित की पहचान की पीड़ित यात्री को दूसरी सीट मुहैया कराई गई। पीड़ित और आरोपी के बीच सहमति बन जाने के बाद सीआईएसएफ ने लिखित माफी मांगने के बाद आरोपी को वहां से जाने दिया। बयान में कहा गया है, 'पीड़िता की इच्छा का सम्मान करते हुए एयर इंडिया ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई।
# डीजीसीए ने विमानन कंपनियों को जारी किए दिशा-निर्देश
डीजीसीए ने विमानन सेवा प्रदाता कंपनियों के लिए विमान यात्राओं के दौरान अनियंत्रित यात्रियों को संभालने और नियमों ऐसे मौके पर कार्रवाई करने से संबंधित दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
दिल्ली महिला आयोग ने भी दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया
वहीं दूसरी ओर, एयर इंडिया के विमानों में इन घटनाओं पर अब दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने भी कड़ा रुख दिखाया है। आयोग ने एयर इंडिया की दो उड़ानों में महिला यात्रियों के कथित उत्पीड़न और दुर्व्यवहार के इन मामलों पर शुक्रवार को दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। इन घटनाओं को बेहद परेशान करने वाला और गंभीर बताते हुए आयोग ने इन मामलों में दर्ज प्राथमिकियों और गिरफ्तारियों की प्रतियां मांगी हैं। आयोग ने इस मामले में लापरवाही के लिए एयरलाइन के खिलाफ की गई कार्रवाई पर भी 10 जनवरी तक रिपोर्ट मांगी है। बता दें कि दिल्ली पुलिस ने न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के एक विमान में सहयात्री पर पेशाब करने वाले यात्री को पकड़ने के लिए बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की और कई टीमों का गठन किया।
बताया जाता है कि आरोपी शंकर मिश्रा ने पिछले साल 26 नवंबर को एयर इंडिया की उड़ान के बिजनेस क्लास में कथित तौर पर नशे की हालत में अपने सहयात्री पर पेशाब कर दिया था। मिश्रा एक अमेरिकी बहुराष्ट्रीय वित्तीय सेवा कंपनी के भारत चैप्टर के उपाध्यक्ष हैं, जिसका मुख्यालय कैलिफोर्निया में है। वहीं दूसरी ओर 6 दिसंबर, 2022 को, पेरिस-दिल्ली विमान में नशे में धुत एक पुरुष यात्री के एक महिला यात्री के कंबल पर पेशाब करने का एक और प्रकरण सामने आया। हालांकि इस मामले में लिखित माफी देने के बाद कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई थी। यह घटना एयर इंडिया की उड़ान संख्या 142 में हुई और विमान के पायलट ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को इसके बारे में सूचित किया। उसके बाद पुरुष यात्री को हवाई ड्डे पर सुरक्षा कर्मियों के हवाले कर दिया गया था।