Business Update: सेबी ने मार्जिन नियमों की समयसीमा बढ़ाई; फॉक्सकॉन ने भारत में बनाना शुरू किया आईफोन-17
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बाजार नियामक सेबी ने सोमवार को मार्जिन दायित्वों की प्रक्रिया से जुड़ी रूपरेखा के क्रियान्वयन की समयसीमा बढ़ा दी। अब इसे डिपॉजिटरी सिस्टम के माध्यम से प्लेज और री-प्लेज की व्यवस्था के तहत लागू करने की अंतिम तारीख 10 अक्टूबर कर दी गई है। पहले यह 1 सितंबर, 2025 से लागू होने वाली थी।
इस ढांचे के तहत सेबी ने एक ऐसी व्यवस्था शुरू की है जिसके तहत ग्राहकों की प्रतिभूतियों को, उनके डीमैट खाते में शीघ्र भुगतान के लिए ब्लॉक कर दिया जाएगा। इस कदम से ब्रोकरों द्वारा प्रतिभूतियों के दुरुपयोग की संभावना कम होगी और साथ ही लेनदेन का स्पष्ट विवरण भी सुनिश्चित होगा।
फॉक्सकॉन ने बंगलूरू कारखाने में आईफोन-17 का उत्पादन शुरू किया
ताइवान की दिग्गज इलेक्ट्रॉनिक कंपनी फॉक्सकॉन ने बंगलूरू स्थित नए कारखाने में आईफोन-17 का उत्पादन शुरू कर दिया है। यह फॉक्सकॉन की दूसरी सबसे बड़ी विनिर्माण इकाई है, जिसमें फिलहाल छोटे पैमाने पर आईफोन-17 बनाया जा रहा है। वहीं, दक्षिण कोरियाई इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी सैमसंग ने भी ग्रेटर नोएडा स्थित अपने कारखाने में लैपटॉप बनाना शुरू कर दिया है। फॉक्सकॉन आईफोन बनाने वाली सबसे बड़ी कंपनी है। चीन के बाहर उसका दूसरा सबसे बड़ा कारखाना बंगलूरू के पास देवनहल्ली में बनाया जा रहा है।
इस पर 25,000 करोड़ का निवेश किया जा रहा है। एक सूत्र ने बताया, आईफोन-17 उत्पादन कुछ समय के लिए बाधित हो गया था, क्योंकि सैकड़ों चीनी इंजीनियर अचानक वापस लौट गए थे। हालांकि, कंपनी ने इस कमी को पूरा करने के लिए ताइवान समेत कई जगहों से विशेषज्ञ बुला लिए हैं। उधर, सैमसंग पहले से ही ग्रेटर नोएडा स्थित कारखाने में मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच और टैबलेट बना रही थी। अब इसमें लैपटॉप भी शामिल हो गया है। एक सूत्र ने बताया, कंपनी ने अपने विनिर्माण पोर्टफोलियो का विस्तार किया है। उसने ग्रेटर नोएडा कारखाने में लैपटॉप बनाना शुरू कर दिया है। वह भारत में और भी कई उपकरण बनाना चाहती है।
चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स (सीएलडब्ल्यू) ने वित्त वर्ष 2025-26 में मात्र 115 कार्य दिवसों में 302 इलेक्ट्रिक इंजनों का निर्माण कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।
सीएलडब्ल्यू ने 300वां इंजन स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले सीएलडब्ल्यू परिसर से रोल आउट किया गया। अब तक कुल 302 इंजनों का निर्माण हुआ है, जिसमें 228 इंजन सीएलडब्ल्यू चित्तरंजन और 74 इंजन डानकुनी सहायक इकाई से निर्मित हुए। यह उपलब्धि किसी भी वित्तीय वर्ष में 300 इंजन के सबसे तेज उत्पादन का रिकॉर्ड है। सीएलडब्ल्यू के महाप्रबंधक विजय कुमार ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरी टीम को बधाई दी। एजेंसी
डानकुनी सहायक इकाई का महत्वपूर्ण योगदान
जानकारी के मुताबिक डानकुनी स्थित सहायक इकाई ने 74 इंजन का निर्माण कर इस मील के पत्थर को हासिल करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस साल इतने इंजनों का निर्माण पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 की तुलना में 33 कार्य दिवस पहले हो गया। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष यह लक्ष्य सितंबर को 148 कार्य दिवसों में पूरा हुआ था। इससे पूर्व, चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में सीएलडब्ल्यू ने मात्र 75 कार्य दिवसों में 200 इंजन (चित्तरंजन – 152, डानकुनी – 48) का निर्माण कर नया रिकॉर्ड बनाया था। इसी तरह, 100 इंजनों का उत्पादन भी इस वर्ष 41 कार्य दिवसों मई में पूरा किया गया, जबकि पिछले वर्ष यह लक्ष्य 50 कार्य दिवसों मई में हासिल हुआ था।
ओडिशा सतर्कता विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को एक सरकारी इंजीनियर की संपत्तियों पर तलाशी अभियान चलाया। एक अधिकारी ने बताया कि इंजीनियर के पास कथित तौर पर उसकी ज्ञात आय से अधिक संपत्ति थी।
उन्होंने बताया कि अंगुल सिंचाई प्रभाग के अधीक्षण अभियंता (एसई) के कार्यालय और संपत्तियों पर आठ स्थानों पर छापेमारी चल रही है। अधिकारी ने कहा, ये स्थान गंजाम जिले के भुवनेश्वर, राउरकेला, सुंदरगढ़, अंगुल और पुरूषोत्तमपुर में हैं।
उन्होंने कहा, "तीन पुलिस उपाधीक्षक, 10 निरीक्षक, चार सहायक उप-निरीक्षक और अन्य सहायक कर्मचारियों वाली सतर्कता टीमों द्वारा छापेमारी की जा रही है। सुंदरगढ़ स्थित सतर्कता विभाग के विशेष न्यायाधीश द्वारा तलाशी वारंट जारी किए जाने के बाद छापेमारी शुरू की गई।"
वित्त वर्ष 2025 में सोने की तस्करी में आई गिरावट
संसद को सोमवार को दी गई जानकारी के अनुसार 2024-25 में प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा सोने की जब्ती में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। इस अवधि में कुल 2,600 किलोग्राम सोना जब्त किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में आधे से भी कम है। इस दौरान 3,005 मामलों में कार्रवाई की गई। वर्ष 2023-24 में 6,599 तस्करी मामलों में लगभग 4,972 किलोग्राम सोने की जब्ती अपने उच्चतम स्तर पर थी। लोकसभा में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने पिछले 10 वर्षों में सोने के आयात और तस्करी के सोने की जब्ती का ब्यौरा दिया।
बैंक ऑफ महाराष्ट्र-एसबीआई कार्ड साझेदारी में तीन नए क्रेडिट कार्ड लॉन्च
बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने क्रेडिट कार्ड लॉन्च करने के लिए एसबीआई कार्ड के साथ समझौता किया। बीओएम ने सोमवार को कई लाभों के साथ सह-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड शुरू करने की घोषणा की।
बीओएम ने कहा कि यह सह-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड को विभिन्न क्षेत्रों के समझदार ग्राहकों के लिए प्रीमियम और अत्यधिक फायदेमंद खरीदारी अनुभव प्रदान करने के लिए डिजाइन किया गया है। यह कार्ड तीन वेरिएंट में लॉन्च किया गया है- बैंक ऑफ महाराष्ट्र एसबीआई कार्ड एलीट, बैंक ऑफ महाराष्ट्र एसबीआई कार्ड प्राइम और बैंक ऑफ महाराष्ट्र सिम्पलीसेव एसबीआई कार्ड।