Biz Updates: धन शोधन की जांच के तहत छह लोग गिरफ्तार; बीएसएनएल ने शुरू की नई सेवाएं
Biz Updates: प्रवर्तन निदेशालय ने सीमा पार से मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़े धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत जांच के सिलसिले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं सार्वजनिक क्षेत्र की दूरसंचार कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने मंगलवार को ‘स्पैम ब्लॉकर्स’ से लेकर स्वचालित सिम कियोस्क और डायरेक्ट-टू-डिवाइस जैसी सेवाएं शुरू की हैं।
विस्तार
प्रवर्तन निदेशालय ने सीमा पार से मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़े धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत जांच के सिलसिले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। संघीय एजेंसी ने एक बयान में कहा कि लवजीत सिंह उर्फ लब्बा, मनजीत सिंह उर्फ मन्ना को 11 अक्टूबर को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की विभिन्न धाराओं के तहत हिरासत में लिया गया था। प्रभजीत सिंह, गुरजोत सिंह, रमनदीप सिंह को 18 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था जबकि गुरप्रीत सिंह को 20 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया।
बीएसएनएल ने स्पैम ब्लॉकर्स और स्वचालित सिम कियोस्क जैसी सेवाएं शुरू की
सार्वजनिक क्षेत्र की दूरसंचार कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने मंगलवार को ‘स्पैम ब्लॉकर्स’ से लेकर स्वचालित सिम कियोस्क और डायरेक्ट-टू-डिवाइस जैसी सेवाएं शुरू की। बीएसएनएल ने सीडैक के साथ साझेदारी में खनन कार्यों के लिए कम विलंबता वाली 5जी संपर्क सेवा भी शुरू की है। इसमें भारत में निर्मित उपकरणों और बीएसएनएल की प्रौद्योगिकी विशेषज्ञता का लाभ उठाया गया है। संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कुल सात नई सेवाओं की शुरुआत की।
बीएसएनएल की नई सेवाओं का अनावरण करते हुए सिंधिया ने कहा, ‘‘ बीएसएनएल सरकार का एक प्रमुख उद्यम है। एक प्रमुख उद्यम जो हमारे देश के प्रत्येक नागरिक की आकांक्षाओं, सपनों तथा अपेक्षाओं का प्रतिनिधित्व करता है।’’ सिंधिया ने कहा कि बीएसएनएल वर्षों से विभिन्न उपलब्धियां हासिल करते हुए लोगों की सेवा कर रही है।
उन्होंने भरोसा जताया, ‘‘परिदृश्य प्रतिस्पर्धी तथा समेकित होने पर बीएसएनएल नई चुनौतियों से पार पा लेगी।’’ सिंधिया ने इसे भारत के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि बीएसएनएल ने अपना स्वयं का 4जी दूरसंचार ढांचा तैयार किया है, जिसे 5जी में बदला जा सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘ हमें उम्मीद है कि बीएसएनएल प्रौद्योगिकी नवोन्मेषण में सदैव अग्रणी रहेगी।’’ मंत्री ने कहा कि अगले साल के मध्य तक बीएसएनएल के पास 1,00,000 4जी ‘साइट’ होंगी। उस समय कुछ ‘साइट’ पर 5जी सेवा होगी।
भारत वैश्विक स्तर पर निवेश के लिए शीर्ष बाजार: मार्क मोबियस
मोबियस कैपिटल पार्टनर्स के संस्थापक और उभरते बाजारों में विशेषज्ञता रखने वाले एक प्रमुख निवेशक मार्क मोबियस ने नई दिल्ली में कहा कि भारत वैश्विक स्तर पर शीर्ष शेयर बाजार है, जहां वह निवेश करना चाहेंगे।
एएनआई के साथ बातचीत में अस्सी वर्षीय मोबिनयस ने कहा, "जब मैं निवेश के बारे में सोचूंगा तो भारत को पहले स्थान पर आना होगा।" मोबियस ने कहा, "बेशक, भारत पहली पसंद होगा। फिर, मैं शायद ताइवान को देखूंगा। यह एक चीनी समाज है, लेकिन यह एक स्वतंत्र समाज है और वे बहुत अच्छा कर रहे हैं। अब हम चीन को फिर से बढ़ते हुए देखना शुरू कर रहे हैं। चीन में कुछ दिलचस्प कंपनियाँ होंगी, लेकिन फिर भी, भारत हमारी पहली पसंद बना हुआ है।" मोबियस ने भारत में निवेश करने के लिए अपने पसंदीदा क्षेत्र के रूप में प्रौद्योगिकी को सबसे आगे रखा।
शेयरधारिता के कथित गलत वर्गीकरण से जुड़े मामले में अदाणी की कंपनी को सेबी का नोटिस
अदाणी समूह की बिजली वितरण इकाई अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (एईएसएल) ने मंगलवार को बताया कि उसे सेबी से एक नोटिस मिला है जिसमें कुछ निवेशकों को गलत तरीके से सार्वजनिक शेयरधारकों के रूप में वर्गीकृत करने का आरोप लगाया गया है। विस्तृत जानकारी दिए बिना, कंपनी ने अपनी दूसरी तिमाही की आय के विवरण में कहा कि वह प्रासंगिक सूचना/स्पष्टीकरण प्रदान करके नियामक और वैधानिक प्राधिकारियों को जवाब देगी। समूह की अक्षय ऊर्जा कंपनी अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड ने भी अपनी दूसरी तिमाही के वित्तीय परिणाम जारी किए। हालांकि, उसे सेबी से कोई नया नोटिस नहीं मिला।
रियल एस्टेट में संस्थागत निवेश 31% बढ़ा
अर्थव्यवस्था की मजबूत वृद्धि को देखते हुए विदेशी निवेशकों में भारत की विकास गाथा को लेकर भरोसा बना है। यही वजह है कि इन निवेशकों की भारतीय रियल एस्टेट में भागीदारी बढ़ी है। रियल्टी सलाहकार वेस्टियन की सोमवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, घरेलू रियल एस्टेट में चालू कैलेंडर वर्ष के पहले नौ महीने (जनवरी-सितंबर) में संस्थागत निवेश सालाना आधार पर 31 फीसदी बढ़कर 4.61 अरब डॉलर पहुंच गया। यह 2023 में रियल एस्टेट में हुए कुल संस्थागत निवेश से अधिक है। इसके अलावा, जुलाई-सितंबर तिमाही के दौरान भी संस्थागत निवेश 41 फीसदी बढ़कर 96.08 करोड़ डॉलर पहुंच गया। घरेलू निवेशक भी सक्रिय रूप से हिस्सा ले रहे हैं। देशभर में तेजी से हो रहे बुनियादी ढांचे के विकास से समर्थन मिल रहा है।
वैक्सीन निर्माता कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट के सीईओ अदार पूनावाला अब फिल्म निर्माता करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस में आधे के हिस्सेदार हो गए हैं। उन्होंने धर्मा प्रोडक्शंस में 50 फीसदी हिस्सेदारी 1,000 करोड़ में खरीद ली है। कंपनी चलाने में अरसे से दिक्कतों का सामना कर रहे करण इससे पहले लायका प्रोडक्शंस, जियो स्टूडियो, सारेगामा स्टूडियोज व अदाणी ब्रदर्स जैसे कॉरपोरेट घरानों से भी इस बारे मे चर्चा करते रहे हैं। जानकारी के अनुसार, नई साझेदारी के बाद भी करण कंपनी के कार्यकारी अध्यक्ष व अपूर्व मेहता मुख्य कार्यकारी अधिकारी बने रहेंगे। कंपनी अब डिजिटल कार्यक्रमों पर फोकस करेगी। धर्मा प्रोडक्शंस की स्थापना करण जौहर के पिता यश जौहर ने 1976 में की थी।
अक्तूबर में जन औषधि केंद्रों में हुई 1,000 करोड़ की बिक्री
देशभर की जन औषधि दुकानों की बिक्री इस साल अक्तूबर में 1,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। इससे पहले दिसंबर 2023 में यह उपलब्धि हासिल हुई थी। विशेष रूप से, फार्मास्यूटिकल्स एंड मेडिकल डिवाइसेज ब्यूरो ऑफ इंडिया ने सितंबर 2024 के एक महीने में 200 करोड़ रुपये की दवाएं बेची थीं। रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय ने कहा, यह उपलब्धि सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाओं पर लोगों के बढ़ते विश्वास और निर्भरता को दिखाता है।
यूको बैंक का कारोबार बढ़कर 4,73,704 करोड़
यूको बैंक का चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कारोबार 13.56 फीसदी बढ़कर 4,73,704 करोड़ पहुंच गया। बैंक के एमडी-सीईओ अश्विनी कुमार ने कहा, सकल एनपीए घटकर 3.18 फीसदी रह गया। परिचालन लाभ 1,432 करोड़ रहा।