Biz Updates: NHPC-रेलटेल समेत चार कंपनियों को नवरत्न का दर्जा; मकानों की कीमतों का इंडेक्स घटकर 3.3% पहुंचा
मकानों की कीमतों का इंडेक्स घटकर 3.3% पहुंचा
पूरे देश में मकानों की कीमतों का इंडेक्स (एचपीआई) जून तिमाही में घटकर 3.3 फीसदी रह गया है। एक साल पहले समान अवधि में यह 5.1 फीसदी रह गया था। मार्च तिमाही में यह 4.1 फीसदी रहा था। आरबीआई यह आंकड़ा 10 बड़े शहरों के पंजीकरण प्राधिकरण से मिले लेनदेन के आधार पर जारी करता है। जिन शहरों की कीमतों के आधार पर यह इंडेक्स तैयार होता है, उनमें अहमदाबाद, बंगलूरू, चेन्नई, दिल्ली, जयपुर, कानपुर, कोच्चि, कोलकाता, लखनऊ और मुंबई हैं।
एक्सिस बैंक ने वीजा और मिंटोक के साथ करार किया है। इसके तहत मर्चेंट के लिए नियो एप लॉन्च किया जाएगा। बैंक के कार्ड्स एवं पेमेंट के प्रमुख संजीव मोघे ने कहा, एप से भुगतान लेनदेन, रिपोर्ट देखने और सीधे सेवा अनुरोध कर सकते हैं।
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) और आरबीएल बैंक ने साझेदारी में को-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड पेश किया है। आईओसी के कार्यकारी निदेशक एनडी माथुर ने कहा, ग्राहक इससे सालाना 250 लीटर तक मुफ्त पेट्रोल ले सकते हैं। हर लेनदेन पर रिवॉर्ड पॉइंट भी मिलेगा।
विस्तार रेलिगेयर मीडिया फंड के निदेशक रहे गुरप्रीत सिंह धिल्लो ने 37 लाख रुपये चुकाकर सेबी के साथ मामले का निपटान कर लिया है। विस्तार सेबी में पंजीकृत वेंचर कैपिटल थी। विस्तार पर आरोप था कि फंड की कथित योजनाओं को बंद नहीं किया था।
सरकार ने शनिवार से घरेलू स्तर पर उत्पादित कच्चे तेल पर विंडफॉल टैक्स को 2,100 रुपये प्रति टन से घटाकर 1,850 रुपये प्रति टन कर दिया है। यह कर विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क (एसएईडी) के रूप में लगाया जाता है। डीजल, पेट्रोल और जेट ईंधन या एटीएफ के निर्यात पर एसएईडी को 'शून्य' पर बरकरार रखा गया है।
शुक्रवार देर रात जारी एक आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया है कि नई दरें 31 अगस्त 2024 से प्रभावी हैं। भारत ने पहली बार 1 जुलाई 2022 को विंडफॉल प्रॉफिट टैक्स लगाया, जो उन देशों में शामिल हो गया, जो ऊर्जा कंपनियों के असाधारण मुनाफे पर कर लगाते हैं। पिछले दो हफ्तों में तेल की औसत कीमतों के आधार पर हर पखवाड़े कर दरों की समीक्षा की जाती है।