Biz Updates: एविएशन सेक्टर में ओडिशा सरकार की 'B-MAAN' योजना; मिनी रत्न- HAL लाइफकेयर ने दिया रिकॉर्ड लाभांश
मिनी रत्न- HAL लाइफकेयर ने केंद्र सरकार को दिया रिकॉर्ड लाभांश
देश की मिनी रत्न कंपनी एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में भारत सरकार को 69.53 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड लाभांश दिया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अधीन आने वाली केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उद्यम (सीपीएसई) की इस कंपनी ने उच्च लाभांश का भुगतान किया है। रिपोर्ट के मुताबिक वित्तीय वर्ष 2024-25 में एचएलएल के विनिर्माण के साथ-साथ सेवा पोर्टफोलियो में व्यापक वृद्धि दर्ज की गई। पिछले वर्ष की तुलना में परिचालन राजस्व 20% बढ़कर 4,500 करोड़ रुपये हो गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से शनिवार को जारी बयान में कहा गया, 31 मार्च, 2025 तक कंपनी की कुल संपत्ति बढ़कर 1,100 करोड़ रुपये हो गई। सहायक कम्पनियों- एचआईटीईएस, जीएपीएल और लाइफस्प्रिंग हॉस्पिटल्स - सहित, HAL समूह ने कुल 4,900 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वित्त वर्ष से 19% अधिक है।
तमिलनाडु के चेन्नई में उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने गल्फ एयर एयरलाइंस को तमिलनाडु के पूर्व विधायक और वकील निजामुद्दीन को करीब 1.4 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है। आयोग ने कहा कि इस राशि पर यात्रा की तारीख से प्रति वर्ष 9 प्रतिशत ब्याज लगेगा। निजामुद्दीन को 2023 में मॉस्को एयरपोर्ट पर फ्लाइट में सवार होने से रोक दिया गया था, क्योंकि उनके पासपोर्ट में सिर्फ निजामुद्दीन नाम था और कोई उपनाम नहीं था।
एसबीआई में पांच महीने में होगी 3,500 अफसरों की भर्ती
भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) पांच महीने में 3,500 अधिकारियों की भर्ती करेगा। जून में 505 प्रोबेशनरी अधिकारियों की भर्ती की गई थी। उप प्रबंध-निदेशक किशोर कुमार ने बताया, 1,300 अधिकारियों को आईटी और साइबर सुरक्षा विभाग में रखा जाएगा। साथ ही, 3,000 सर्कल अधिकारियों की भर्ती की भी योजना है।