Adani: हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद अदाणी की संपत्ति घटी, फाेर्ब्स की लिस्ट में चौथे से सातवें स्थान पर खिसके
Adani in Forbes Real Time Billionaire Index: दुनिया के शीर्ष अरबपतियों की लिस्ट में फ्रांस के अरबपति बर्नार्ड अर्नाल्ट 215 अरब डॉलर की नेट वर्थ के साथ पहले नंबर पर बने हुए हैं। दूसरे नंबर पर टेस्ला के सीईओ एलन मस्क हैं उनकी संपत्ति 170.1 अरब डॉलर है।
विस्तार
भारत के सबसे अमीर कारोबारी गौतम अदाणी की संपत्ति में बीते दो दिनों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। दुनिया के अमीरों की लिस्ट में टॉप 5 की सूची से भी बाहर हो गए हैं। फोर्ब्स रियलटाइम बिलेनियर की लिस्ट में वे चौथे स्थान से खिसककर सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं। फिलहाल उनकी संपत्ति 22.6 अरब डॉलर कम होकर 96.6 अरब डॉलर पर पहुंच गई है। अदाणी की संपत्ति में यह गिरावट हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट सामने आने के बाद दर्ज की गई है। रिपोर्ट में अदाणी समूह के बहीखातों में गड़बड़ी की बात कही गई है।
दुनिया के शीर्ष अरबपतियों की लिस्ट में फ्रांस के अरबपति बर्नार्ड अर्नाल्ट 215 अरब डॉलर की नेट वर्थ के साथ पहले नंबर पर बने हुए हैं। दूसरे नंबर पर टेस्ला के सीईओ एलन मस्क हैं उनकी संपत्ति 170.1 अरब डॉलर है। अमेजन के सह-संस्थापक जेफ बेजोस 122.4 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ फोर्ब्स के रियलटाइम बिलेनियर इंडेक्स में तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। भारत के दूसरे सबसे अमीर उद्योगपति मुकेश अंबानी दुनिया के अमीर लोगों की फोर्ब्स लिस्ट में 83.6 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 10वें नंबर पर हैं।
अदाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 18.5% तक लुढका, समूह के सभी 10 शेयर फिसले
हिंडनबर्ग की ओर से जारी रिपोर्ट का अदाणी समूह के शेयरों पर प्रतिकूल असर पड़ा। समूह के सभी दस शेयर शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए। फोर्ब्स के रियलटाइम इंडेक्स के अनुसार समूह के मुखिया गौतम अदाणी दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में चौथे स्थान से फिसलकर सातवें नंबर पर आ गए हैं। शुक्रवार को अदाणी समूह की फ्लैगशिप कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयरों में 18.5% गिरावट दर्ज की गई और यह 2762.15 रुपये के लेवल पर बंद हुआ। इसके अलावा अदाणी टोटल गैस के शेयरों में 20% तक की गिरावट दर्ज की गई। अदाणी पावर के शेयर 5%, अदाणी विल्मार के शेयर 5% और एनडीटीवी के शेयर 4.99% की गिरावट दर्ज के साथ लोअर सर्किट लगाकर बंद हुए।