बढ़त के साथ बंद हुआ बाजार, हाजिर मांग से सोना वायदा मजबूत
- सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन हरे निशान पर बंद हुआ बाजार
- सेंसेक्स 118.69 अंकों की बढ़त के बाद 37137.01 के स्तर पर बंद हुआ
- निफ्टी 17.40 अंकों की बढ़त के बाद 10997.40 के स्तर पर बंद हुआ
विस्तार
सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ। दिनभर के कारोबार के बाद को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 118.69 अंकों की बढ़त के बाद 37137.01 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी 17.40 अंकों की बढ़त के बाद 10997.40 के स्तर पर बंद हुआ।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो दिनभर के कारोबार के बाद भारतीय स्टेट बैंक, इंडियाबुल्स हाउसिंग, कोल इंडिया, विप्रो और टाटा स्टील के शेयर लाल निशान पर बंद हुए। वहीं बढ़त वाले दिग्गज शेयरों की बात करें तो इनमें मारुति सुजुकी, एशियन पेंट्स, बजाज ऑटो और भारती एयरटेल के शेयर शामिल हैं।
लाल निशान पर खुला था बाजार
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 191.90 अंक यानी 0.52 फीसदी की गिरावट के साथ 36826.42 के स्तर पर खुला था। निफ्टी की बात करें, तो 55.60 अंक यानी 0.51 फीसदी की गिरावट के बाद निफ्टी 10924.40 के स्तर पर खुला था।
गुरुवार को गिरावट के साथ बंद हुआ था बाजार
इससे पहले गुरुवार को सेंसेक्स 462.80 अंकों की गिरावट के बाद 37018.32 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 138 अंकों की गिरावट के बाद 10980 के स्तर पर बंद हुआ था।
हाजिर मांग से सोना वायदा मजबूत
मजबूत वैश्विक रुख के साथ सटोरियों के सौदे बढ़ाने से शुक्रवार को वायदा कारोबार में सोने का भाव 0.62 फीसदी मजबूत होकर 35,132 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में अगस्त महीने में डिलिवरी वाला सोना 216 रुपये यानी 0.62 फीसदी मजबूत होकर 35,132 रुपये प्रति दस ग्राम पर रहा। इसमें 3,459 लॉट का कारोबार हुआ। इसी प्रकार, अक्टूबर महीने में डिलिवरी वाला सोना 232 रुपये यानी 0.65 फीसदी की मजबूती के साथ 35,865 रुपये प्रति दस ग्राम पर रहा। इसमें 21,530 लॉट का कारोबार हुआ।
न्यूयॉर्क में सोना 0.91 फीसदी की तेजी के साथ 1,445.40 डॉलर प्रति औंस पर रहा।
दिल्ली सर्राफा बाजार में 99.9 फीसदी और 99.5 फीसदी शुद्धता का सोना 165-165 रुपये गिरकर क्रमश: 35,630 रुपये और 35,460 रुपये प्रति ग्राम रह गया। हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी 27,500 रुपये प्रति इकाई पर स्थिर रही।
हाजिर मांग बढ़ने से चांदी वायदा मजबूत
हाजिर बाजार में तेजी तथा सटोरियों के सौदा बढ़ाने से शुक्रवार को वायदा कारोबार में चांदी 0.30 फीसदी मजबूत होकर 41,111 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गयी। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में सितंबर महीने में डिलिवरी वाली चांदी 125 रुपये यानी 0.30 फीसदी की बढ़त के साथ 41,111 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
इसमें 16,303 लॉट का कारोबार हुआ। इसी प्रकार, दिसंबर महीने में डिलिवरी वाली चांदी 70 रुपये यानी 0.17 फीसदी मजबूत होकर 42,038 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही। इसमें 1,708 लॉट का कारोबार हुआ। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में चांदी गिरावट में 16.17 डॉलर प्रति औंस पर रही।
वहीं, चांदी हाजिर 370 रुपये की मजबूती के साथ 41,900 रुपये प्रति किलोग्राम जबकि साप्ताहिक डिलिवरी चांदी 484 रुपये चढ़कर 41,054 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। चांदी सिक्का लिवाल और बिकवाल क्रमश: 84,000 रुपये और 85,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला Hindi News APP अपने मोबाइल पर।