बैंकिंग सेक्टर के प्रदर्शन से 568 अंक उछला सेंसेक्स
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पिछले सप्ताह की भारी गिरावट से उबरते हुए सोमवार को देश के प्रमुख शेयर बाजारों में जबरदस्त तेजी देखी गई। एक ओर बीएसई का सूचकांक सेंसेक्स 568 अंकों की तेजी के साथ 23,554.12 पर पहुंच गया।
वहीं एनएसई का निफ्टी भी 182 अंक चढ़कर 7162.95 अंक पर बंद हुआ। इससे पहले 15 जनवरी 2015 को सेंसेक्स में 728.73 अंकों की तेजी देखी गई थी, जबकि रिजर्व बैंक ने आश्चर्यजनक तरीके से नीतिगत ब्याज दरों में चौथाई फीसदी की कटौती की थी। सोमवर को सुबह सेंसेक्स 23,223.43 अंक पर खुला और शुरुआती कारोबार में ही 400 अंकों से अधिक की तेजी के साथ 23,000 के स्तर पर पहुंच गया। इसके कुछ ही समय बाद सेंसेक्स में 500 अंकों की तेजी देखी गई।
कारोबार की समाप्ति पर सेंसेक्स 2.47 फीसदी चढ़कर 23554.12 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी भी कारोबार के दौरान 7,182 के पार चला गया पर कारोबार की समाप्ति पर 2.47 फीसदी चढ़कर 7,162.95 अंक पर बंद हुआ। अन्य एशियाई बाजारों में भी तेजी के रुझान दिखे।
बड़ी कंपनियों पर निवेशकों ने जताया भरोसा
कारोबारियों का कहना है कि वृहद आर्थिक आंकड़े के कमजोर रहने के बीच बाजार में सतर्कता का माहौल रहा। उनका कहना है कि बाजार का रुझान मुख्य तौर पर अन्य एशियाई बाजारों में मजबूती के बीच निवेशकों द्वारा आकर्षक स्तर पर बड़ी कंपनियों के शेयरों में लिवाली बढ़ने से प्रभावित हुआ।
कारोबार के दौरान मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी का मिडकैप 100 इंडेक्स 2 फीसदी बढ़कर 11,720 के स्तर पर पहुंच गया है। वहीं बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स 2 फीसदी से ज्यादा बढ़कर 9,890 के करीब पहुंच गया। पिछले सप्ताह के विलेन माने जाने वाले बैंकिंग शेयरों का प्रदर्शन शानदार रहा।
देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक के शेयर 7.94 फीसदी चढ़कर बंद हुए तो बैंक ऑफ बड़ौदा के शेयर में तो 22 फीसदी से भी ज्यादा की बढ़त रही।