Stock Market: फिर रिकॉर्ड ऊंचाई पर बाजार, 57 हजार के करीब बंद हुआ सेंसेक्स, निफ्टी पहली बार 16900 के पार
सेंसेक्स 765.04 अंकों (1.36 फीसदी) की जोरदार बढ़त के साथ 56,889.76 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 225.85 अंकों (1.35 फीसदी) की तेजी के साथ 16,931.05 के स्तर पर बंद हुआ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वैश्विक बाजारों से सकारात्मक संकेतों के बीच आज सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को शेयर बाजार ने सर्वकालिक उच्च स्तर को छुआ। दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 765.04 अंकों (1.36 फीसदी) की जोरदार बढ़त के साथ 56,889.76 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 225.85 अंकों (1.35 फीसदी) की तेजी के साथ 16,931.05 के स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 56958.27 और निफ्टी ने 16,951.50 के रिकॉर्ड स्तर को छू लिया था। बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 795.40 अंक या 1.43 फीसदी चढ़ा था। रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी और बजाज फाइनेंस जैसे बड़े शेयरों में तेजी के चलते प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स में वृद्धि दर्ज की गई।
इसलिए उछला बाजार
विदेशी निवेश (FDI) बढ़कर 1.28 लाख करोड़ के पार पहुंच गया है, जिससे घरेलू बाजार में तेजी आई। डॉलर के मुकाबले रुपया भी मजबूत हुआ, साथ ही टीकाकरण से निवेशकों में कोरोना का डर खत्म होता नजर आ रहा है। इसके अलावा जीडीपी और ऑटो बिक्री के अच्छे संकेतों की उम्मीद भी बाजार में उछाल आया।
इस सप्ताह इन कारकों से तय होगी शेयर बाजारों की दिशा
विश्लेषकों के अनुसार इस सप्ताह वृहद आर्थिक आंकड़ों, वाहन बिक्री के आंकड़ों और वैश्विक रुख से घरेलू शेयर बाजारों की दिशा तय होगी। इसके अतिरिक्त निवेशकों की निगाह कोविड-19 के रुख तथा टीकाकरण की रफ्तार पर रहेगी। बाजारों की दिशा रुपये तथा ब्रेंट कच्चे तेल के रुख पर भी निर्भर करेगी।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो दिनभर के कारोबार के बाद भारती एयरटेल, डिविस लैब, एक्सिस बैंक, टाटा स्टील और कोल इंडिया के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं टेक महिंद्रा, आयशर मोटर्स, नेस्ले इंडिया, इंफोसिस और विप्रो के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें तो आज आईटी के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स हरे निशान पर बंद हुए। वहीं एफएमसीजी, फाइनेंस सर्विस, बैंक, रियल्टी, प्राइवेट बैंक, मेटल, पीएसयू बैंक, फार्मा, ऑटो और मीडिया शामिल हैं।
शुरुआती कारोबार में हरे निशान पर खुला था बाजार
शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार हरे निशान पर खुला था। सेंसेक्स 321.99 अंक (0.57 फीसदी) की तेजी के साथ 56,446.71 के स्तर पर खुला। निफ्टी 103.30 अंकों (0.62 फीसदी) की बढ़त के साथ 16,808.50 के रिकॉर्ड स्तर पर खुला।
शुक्रवार को सर्वोच्च स्तर पर बंद हुए थे सेंसेक्स-निफ्टी
शुक्रवार को दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद शेयर बाजार सर्वोच्च स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 175 अंक चढ़कर 56,124.72 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 68.30 अंक चढ़कर 16,705.20 के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ था।