शेयर बाजारः कमजोरी के साथ हुई हफ्ते के पहले कारोबारी दिन की शुरुआत, 235 अंक गिरा सेंसेक्स
हफ्ते के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजार की बड़ी गिरावट के साथ शुरुआत हुई। कोरोनावायरस की चिंता से वैश्विक बाजारों के कमजोरी के साथ बंद होने से सेंसेक्स 235 अंक गिर गया। वहीं रुपये में भी 19 पैसे की कमजोरी देखने को मिली।
सेंसेक्स 41,380 के नीचे कारोबार कर रहा है। वहीं एनएसई का निफ्टी करीब 75 अंक की कमजोरी के साथ 12,175 के नीचे कारोबार कर रहा है। रियल्टी को छोड़ कर बाजार में चौतरफा दबाव नजर आ रहा है। निफ्टी का रियल्टी इंडेक्स 0.02 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ हरे निशान में है। जबकि ऑटो, आईटी, एफएमसीजी, फार्मा और मेटल सभी इंडेक्स लाल निशान में है। बैंकिंग शेयरों में भारी बिकवाली नजर आ रही है। बैंक निफ्टी 0.5 फीसदी टूटकर 31,089 के स्तर पर नजर आ रहा है।
दिग्गज शेयरों के साथ ही मिड और स्मॉलकैप शेयर भी कमजोर नजर आ रहे हैं। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.33 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.10 फीसदी की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहा है। तेल-गैस शेयरों में भी आज दबाव नजर आ रहा है। बीएसई का ऑयल एंड गैस इंडेक्स 0.28 फीसदी की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहा है।
डॉलर के मुकाबले रुपया आज 19 पैसे की कमजोरी के साथ 71.51 के स्तर पर खुला है। वहीं, पिछले कारोबारी दिन डॉलर के मुकाबले रुपया 7 पैसे कमजोर होकर 71.32 के स्तर पर बंद हुआ था।
कोरोनावायरस का दिखा डर
कोरोनावायरस की वजह से एशिया के ज्यादातर बाजार आज बंद हैं। चीन, हांगकांग, कोरिया और ताइवान के बाजारों में बंद है। यह वायरस चीन में तेजी से फैल रहा है। चीन में इससे अब तक 80 लोगों की मौत हो चुकी है। तकरीबन 2700 लोग इससे संक्रमित पाए गए हैं।
अमेरिकी शेयर बाजार डाओ 70 अंक फिसलकर 29000 के नीचे चला गया था। एसएंडपी 500 और नैस्डेक भी 0.9 फीसदी टूटे थे। इस बीच क्रूड के मोर्चे पर अच्छी खबर है। ब्रेंट 60 डॉलर प्रति बैरल के नीचे फिसल गया है।