Sensex Closing Bell: निफ्टी में 10 दिन से जारी गिरावट पर विराम; 23300 के पार सूचकांक, सेंसेक्स 740 अंक चढ़ा
Sensex Closing Bell: हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन सेंसेक्स 740.30 (1.01%) अंकों की बढ़त के साथ 73,730.23 पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी में बीते 10 दिनों से जारी गिरावट बुधवार को थम गई और 50 शेयरों का यह सूचकांक 254.65 (1.15%) अंक उछलकर 22,337.30 के स्तर पर बंद हुआ।
विस्तार
घरेलू शेयर बाजार में लंबे समय बाद बुधवार को खरीदारी दिखी। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 740.30 अंक यानी 1.01 प्रतशित की छलांग के साथ 73,730.23 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 943.87 अंक तक चढ़ गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 254.65 अंक यानी 1.15 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,337.30 अंक पर बंद हुआ। इसके साथ, निफ्टी में 10 कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट पर विराम लगा। कारोबार के दौरान यह 312.25 अंक तक चढ़ गया था।
सेंसेक्स के टॉप गेनर्स और टॉप लूजर्स शेयर कौन-कौन से हैं?
सेंसेक्स में शामिल शेयरों में अदाणी पोर्ट्स, टाटा स्टील, पावर ग्रिड, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एनटीपीसी, टेक महिंद्रा, टाटा मोटर्स, आईटीसी, नेस्ले इंडिया, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, भारती एयरटेल, भारतीय स्टेट बैंक, एशियन पेंट्स और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में प्रमुख रूप से तेजी रही। दूसरी तरफ बजाज फाइनेंस, इंडसइंड बैंक, एचडीएफसी बैंक और जोमैटो के शेयरों में गिरावट रही।
मेहता इक्विटीज लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) प्रशांत तापसे ने कहा, ‘‘वैश्विक बाजारों में मजबूत संकेतों के साथ घरेलू सूचकांकों में तेजी आई। इसका कारण यह संकेत है कि वैश्विक व्यापार तनाव के बीच डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन कुछ शुल्क दरों को वापस ले सकता है। इससे धारणा मजबूत हुई।’’
पीएमआई सूचकांक में वृद्धि से मजबूत हुई बाजार की धारणा
तापसे ने कहा कि इसके अलावा, फरवरी पीएमआई सूचकांक में वृद्धि जैसे स्थानीय कारकों ने भी बाजारों धारणा को मजबूती दी। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मांग में सुधार के कारण फरवरी में भारत के सेवा क्षेत्र की गतिविधियों में तेज वृद्धि देखी गई। इसके चलते उत्पादन में तेजी से विस्तार हुआ और रोजगार में पर्याप्त वृद्धि हुई।
मौसमी रूप से समायोजित एचएसबीसी इंडिया सेवा पीएमआई व्यापार गतिविधि सूचकांक जनवरी के 26 महीने के निचले स्तर 56.5 से बढ़कर फरवरी में 59.0 हो गया। यह तेज विस्तार को दर्शाता है। क्रय प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) की भाषा में 50 से अधिक अंक से विस्तार का संकेत मिलता है, जबकि 50 से नीचे का अंक गिरावट को दर्शाता है।
एचएसबीसी में मुख्य भारत अर्थशास्त्री प्रांजुल भंडारी ने कहा, ‘‘भारत का सेवा कारोबार गतिविधि सूचकांक फरवरी, 2025 में बढ़कर 59.0 हो गया, जो जनवरी के 26 महीने के निचले स्तर 56.5 से काफी ऊपर है। नए निर्यात कारोबार सूचकांक के अनुसार छह महीनों में सबसे तेज गति से बढ़ी वैश्विक मांग ने भारत के सेवा क्षेत्र के लिए उत्पादन वृद्धि को बढ़ाने में प्रमुख भूमिका निभाई है।’’
एशियाई और यूरोपीय बाजारो ंमें भी दिखी बढ़त
एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट, हांगकांग का हैंगसेंग और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी बढ़त के साथ बंद हुए। यूरोपीय बाजारों में दोपहर कारोबार में तेजी का रुख था। वॉल स्ट्रीट मंगलवार को नुकसान में रहा था। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.49 प्रतिशत घटकर 70.69 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 3,405.82 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।