Sensex Closing Bell: बढ़त गंवाकर लाल निशान पर बंद हुआ बाजार; सेंसेक्स 67 अंक फिसला, निफ्टी 23750 से नीचे आया
Share Market Closing: 30 शेयरों वाला सेंसेक्स उतार-चढ़ाव के बाद 67.30 अंक या 0.09 प्रतिशत गिरकर 78,472.87 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 142.38 अंक या 0.18 प्रतिशत गिरकर 78,397.79 अंक पर आ गया था। एनएसई निफ्टी 25.80 अंक या 0.11 प्रतिशत गिरकर 23,727.65 अंक पर आ गया। आइए जानें बाजार का विस्तृत हाल।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बेंचमार्क इक्विटी सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद मंगलवार को लाल निशान पर बंद हुए। विदेशी फंडों की लगातार निकासी के बीच निवेशकों ने आगे के रुझानों की प्रतीक्षा में बाजार से दूर रहना पसंद किया, जिससे बाजार में सपाट क्लोजिंग हुई।
30 शेयरों वाला सेंसेक्स उतार-चढ़ाव के बाद 67.30 अंक या 0.09 प्रतिशत गिरकर 78,472.87 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 142.38 अंक या 0.18 प्रतिशत गिरकर 78,397.79 अंक पर आ गया था। एनएसई निफ्टी 25.80 अंक या 0.11 प्रतिशत गिरकर 23,727.65 अंक पर आ गया।
सेंसेक्स के 30 शेयरों का हाल
30 ब्लू-चिप शेयरों में पावर ग्रिड, भारतीय स्टेट बैंक, टाइटन, टाटा स्टील, इंडसइंड बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, अदाणी पोर्ट्स और इंफोसिस पिछड़ गए। दूसरी ओर, टाटा मोटर्स, आईटीसी, नेस्ले, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एनटीपीसी और जोमैटो के शेयर लाभ में रहे।
निफ्टी के टॉप गेनर्स और टॉप लूजर्स शेयर ये रहे
एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 168.71 करोड़ रुपये मूल्य की इक्विटी बेची। एशियाई बाजारों में शंघाई और हांगकांग में तेजी रही, जबकि सियोल और टोक्यो में गिरावट रही। यूरोपीय बाजार में मध्य सत्र के सौदों में बढ़त के साथ कारोबार हो रहा था। सोमवार को वॉल स्ट्रीट रात भर के कारोबार में सकारात्मक क्षेत्र में बंद हुआ।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.62 प्रतिशत बढ़कर 73.08 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। सोमवार को बीएसई का सेंसेक्स 498.58 अंक या 0.64 प्रतिशत बढ़कर 78,540.17 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी 165.95 अंक या 0.70 प्रतिशत बढ़कर 23,753.45 अंक पर बंद हुआ था।
डॉलर के मुकाबले रुपया 9 पैसे गिरकर 85.20 के नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर हुआ बंद
रुपये में लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में गिरावट जारी रही और मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले यह 9 पैसे टूटकर 85.20 (अनंतिम) के नए सर्वकालिक निम्न स्तर पर बंद हुआ। प्रमुख विदेशी मुद्रा विनिमय बाजारों के मुकाबले डॉलर के मजबूत होने और घरेलू शेयर बाजारों में नरमी के कारण यह गिरावट आई।
विश्लेषकों के अनुसार, माह के अंत में भुगतान दायित्व के कारण डॉलर की मांग में वृद्धि तथा अमेरिका में डोनाल्ड ट्रम्प प्रशासन द्वारा आक्रामक आयात शुल्क लगाए जाने की आशंका से डॉलर को मजबूती मिली। उन्होंने कहा कि इसके अलावा कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से रुपये में और गिरावट आई।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 85.10 पर खुला और कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले 85.21 के अब तक के सबसे निचले स्तर को छू गया। अंत में डॉलर के मुकाबले रुपया 85.20 (अनंतिम) के नए सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से 9 पैसे कम है। सोमवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 7 पैसे कमजोर होकर 85.11 पर बंद हुआ था।