Mamaearth IPO: शिल्पा शेट्टी समेत कंपनी के अन्य निवेशक घटाएंगे अपनी हिस्सेदारी, सेबी को सौंपा प्रस्ताव
Mamaearth IPO Details: मामाअर्थ का आईपीओ ऑफर फोर सेल के जरिए जारी किया जाएगा। सेबी में दायर डीआरएचपी के अनुसार ओएफएस के जरिए कंपनी के संस्थापक वरुण अलघ, गजल, सोफिना, फायरसाइड वेंचर्स, इवोलेंस इंडिया, स्टेलारिस जैसे निवेशक अपनी हिस्सेदारी बचेंगे।
विस्तार
आईपीओ में निवेश करने वालों को कमाई एक नया मौका आने वाला है। अब निवेशक इस मौके का इस्तेमाल कर मुनाफा कमाते हैं या नुकसान उठाते यह है तो समय ही बताएगा पर इतना जरूर है कि बहुत जल्द ही वे एक नए आईपीओ में निवेश कर सकेंगे। बच्चों से जुड़े उत्पाद बनाने वाली कंपनी मामाअर्थ की पैतृक कंपनी होनसा कंज्यूमर लिमिटेड ने आईपीओ के लिए शेयर बाजार की नियामक संस्था सेबी के पास अपना ड्रॉफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस दायर किया है। कंपनी का 400 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी करने का प्लान है।
यह आईपीओ ऑफर फोर सेल के जरिए जारी किया जाएगा। सेबी में दायर डीआरएचपी के अनुसार ओएफएस के जरिए कंपनी के संस्थापक वरुण अलघ, गजल, सोफिना, फायरसाइड वेंचर्स, इवोलेंस इंडिया, स्टेलारिस जैसे निवेशक अपनी हिस्सेदारी बचेंगे। वहीं दूसरी ओर, कंपनी के एंजेल निवेशक कुणाल बहल, ऋषभ मारीवाला, रोहित बंसल और शिल्पा शेट्टी कुंद्रा भी अपनी हिस्सेदारी घटाएंगे।
सेबी को दिए गए ऑफर डॉक्यूमेंट में होनसा कंज्यूमर ने अप्रैल से सितंबर 2022 की तिमाही के दौरान 3.67 करोड़ रुपये के मुनाफा होने की बात कही है। इस दौरान कंपनी का कुल राजस्व 722.73 करोड़ रुपये रहा। 31 मार्च 2022 को समाप्त वित्तीय वर्ष में कंपनी का परिचालन राजस्व 943.46 करोड़ रुपये रहा। बता दें कि कंपनी के पास ममाअर्थ के अलावे द डर्मा और बीबीलंट जैसे ब्रांड भी हैं। इसका कुल मार्केट वैल्यू 1.2 करोड़ डॉलर है। कंपनी ने वर्ष 2022 की शुरुआत में भी फंडिंग जुटाई थी।