कोरोनावायरस का असर: 10 फीसदी तक गिरे विमानन कंपनियों के शेयर
कोरोनावायरस के संक्रमण को लेकर निवेशकों की चिंताएं बढ़ने से शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में विमानन कंपनियों के शेयर 10 फीसदी तक गिर गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रेटिंग एजेंसी इक्रा का कहना है कि कोरोनावायरस के संक्रमण के कारण विमानन क्षेत्र का भविष्य नकारात्मक दिख रहा है।
कंपनियों के शेयर में आई इतनी गिरावट
बीएसई में इंडिगो का परिचालन करने वाली कंपनी इंटरग्लोब एविएशन का शेयर 9.99 फीसदी गिरकर 1,229.75 रुपये पर चल रहा था। स्पाइसजेट का शेयर भी 6.06 फीसदी गिरकर 82.10 रुपये पर चल रहा था। परिचालन बंद कर चुकी कंपनी जेट एयरवेज का शेयर भी 4.84 फीसदी गिरकर अपने निचले स्तर 24.55 रुपये पर चल रहा था।
टिकटें रद्द कर रहे हैं यात्री
इक्रा के अनुसार, कोरोनावायरस के संक्रमण के कारण अंतरराष्ट्रीय यात्री दक्षिण-पूर्वी एशिया के देशों की टिकटें रद्द कर रहे हैं। इस कारण विमानन क्षेत्र के भविष्य का परिदृश्य नकारात्मक हो गया है ।
छह दिनों में निवेशकों के डूबे 10 लाख करोड़ रुपये
चीन के बाहर भी कोरोनावायरस की फैलने के चलते वैश्विक बाजार में गिरावट का दौर जारी है। इसकी वजह से निवेशक बाजार से पैसा निकाल रहे हैं। लगातार छह दिनों से बाजार में गिरावट दर्ज की जा रही है। इन छह दिनों में निवेशकों को करीब 10 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है।
आर्थिक नरमी को लेकर चिंतित निवेशक
विश्लेषकों के अनुसार, निवेशकों का पिछले सप्ताह तक मानना था कि यदि चीन ने कोरोनावायरस के संक्रमण पर काबू पा लिया, तो वैश्विक अर्थव्यवस्था पर इस आपदा का मामूली असर पड़ेगा। लेकिन संक्रमित लोगों के नए मामले सामने आते जाने से निवेशकों की धारणा बदली है और वे आर्थिक नरमी को लेकर चिंतित हो उठे हैं।
डॉलर के मुकाबले 71.65 के स्तर पर खुला रुपया
डॉलर के मुकाबले आज रुपये में भी भारी गिरावट देखने को मिली। आज रुपया 38 पैसे की गिरावट के बाद 71.93 के स्तर पर खुला। पिछले कारोबारी दिन डॉलर के मुकाबले रुपया 71.55 के स्तर पर बंद हुआ था ।