ट्रेन पकड़ने की ऐसी जल्दी, चलती ट्रेन के पीछे दौड़े लोग, बुजुर्ग महिला और बच्चे को देख बढ़ी चिंता
Viral Video: सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ लोग चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान एक बुजुर्ग महिला और छोटा बच्चा भी दिखाई देते हैं। वीडियो के बाद पैसेंजर ट्रेनों में अपने आप बंद होने वाले दरवाजे लगाने का सुझाव दिया गया है।
विस्तार
ट्रेन पकड़ने की जल्दी में लोग कई बार अपनी जान जोखिम में डाल देते हैं। स्टेशन पर ट्रेन चलने लगती है, तो कुछ यात्री उसमें चढ़ने के लिए दौड़ने लगते हैं। इस दौरान उन्हें न तो अपनी सुरक्षा का ध्यान रहता है और न ही इस बात की परवाह होती है कि जरा-सी चूक से बड़ा हादसा हो सकता है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो भी कुछ ऐसा ही नजारा दिखा रहा है। इसमें कुछ लोग चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इस दौरान एक बुजुर्ग महिला और एक छोटा बच्चा भी दिखाई देता है। वीडियो देखकर लोग यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
चलती ट्रेन में चढ़ने के लिए दौड़ते रहे लोग
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को शेयर किया गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रेन धीरे-धीरे चलने लगी है, लेकिन प्लेटफॉर्म पर खड़े कुछ लोग अब भी उसमें चढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। साड़ी पहने एक बुजुर्ग महिला हाथ में बैग लेकर ट्रेन के साथ दौड़ती दिखाई देती है। उसके पीछे एक व्यक्ति भी नजर आता है, जो उसे आगे बढ़ाने की कोशिश करता दिख रहा है।
Indian railway should introduce vande Bharat like automatic doors in all passenger trains. https://t.co/hJtJCVxRuq
— Gems Of Railway (@GemsOfRailway) October 18, 2026
लग सकती है गंभीर चोटें
वहीं, ट्रेन के अंदर मौजूद एक व्यक्ति महिला की मदद के लिए हाथ बढ़ाता नजर आता है। इसी दौरान वहां एक छोटा बच्चा भी दिखाई देता है। लोग जल्द से जल्द ट्रेन में चढ़ने के लिए आवाज लगाते हैं। कोई बैग अंदर देने की बात कहता है तो कोई जल्दी आने के लिए बोलता है। इस दौरान जरा-सी चूक भी खतरनाक साबित हो सकती थी। अगर किसी यात्री का पैर फिसल जाता या वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर जाता तो गंभीर चोट लग सकती थी।
रेलवे की ट्रेनों में ऐसे दरवाजे लगाने का सुझाव
वीडियो सामने आने के बाद यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। पोस्ट में सुझाव दिया गया है कि भारतीय रेलवे की पैसेंजर ट्रेनों में भी वंदे भारत एक्सप्रेस की तरह अपने आप बंद होने वाले दरवाजे लगाए जाने चाहिए। इससे ट्रेन चलने के बाद बाहर से चढ़ने की कोशिश को रोकने में मदद मिल सकती है। हालांकि, सामान्य ट्रेनों में इस तरह के दरवाजे लगाने का फैसला तकनीकी जरूरतों, खर्च और सुरक्षा जैसे कई पहलुओं पर निर्भर करेगा।
ट्रेन छूटने के डर में न उठाएं ऐसा कदम
ट्रेन छूटने के डर से जल्दबाजी करना यात्रियों के लिए भारी पड़ सकता है। खासकर जब साथ में छोटे बच्चे, बुजुर्ग या भारी सामान हो, तो खतरा और बढ़ जाता है। चलती ट्रेन में चढ़ते समय पैर फिसलने, हाथ छूटने या संतुलन बिगड़ने से गंभीर हादसा हो सकता है। इसलिए अगर ट्रेन चलने लगे, तो उसमें चढ़ने की कोशिश करने से बचना चाहिए। कुछ मिनट या घंटे बचाने के लिए अपनी और अपने परिवार की जान जोखिम में डालना समझदारी नहीं है। सुरक्षित सफर के लिए जरूरी है कि यात्री समय से स्टेशन पहुंचें और ट्रेन छूटने की स्थिति में अगली ट्रेन का इंतजार करें।