E-vehicles: इस वजह से 22 फीसदी घट गई ई-यात्री वाहनों की बिक्री, नई स्कीम में सब्सिडी का प्रावधान नहीं
फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले महीने 7,415 इलेक्ट्रिक यात्री वाहन बिके। यह आंकड़ा मार्च में बिके 9,503 ई-यात्री वाहनों की तुलना में 21.97 फीसदी कम है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देश में इलेक्ट्रिक गाड़ियों को बढ़ावा देने के सरकार के जोर के बावजूद ई-यात्री वाहनों की बिक्री में अप्रैल, 2024 में मासिक आधार पर करीब 22 फीसदी की गिरावट आई है। इसकी प्रमुख वजह फेम-2 योजना का मार्च में खत्म होना है, जिसमें ई-यात्री वाहनों (पीवी) की खरीद पर 1.50 लाख रुपये तक की सब्सिडी मिलती थी। देश में एक अप्रैल से लागू इलेक्ट्रिक मोबिलिटी प्रमोशन स्कीम-2024 में भी ई-यात्री वाहनों की खरीद पर सब्सिडी का प्रावधान नहीं है।
फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले महीने 7,415 इलेक्ट्रिक यात्री वाहन बिके। यह आंकड़ा मार्च में बिके 9,503 ई-यात्री वाहनों की तुलना में 21.97 फीसदी कम है। हालांकि, सालाना आधार पर इनकी बिक्री में 22.79 फीसदी की तेजी दर्ज की गई है। अप्रैल, 2023 में 6,039 ई-यात्री वाहन बिके थे। अप्रैल में टाटा मोटर्स ने सबसे ज्यादा 4,956 ई-यात्री वाहन बेचे। हालांकि, यह मार्च की 7,005 इकाइयों की तुलना में 29.25 फीसदी कम है।
बाजार हिस्सेदारी भी घटी
- बिक्री घटने से ई-वाहनों की बाजार हिस्सेदारी में भी गिरावट आई है। ई-दोपहिया वाहनों की हिस्सेदारी में सर्वाधिक 5 फीसदी से ज्यादा कमी आई है।
- ई-यात्री वाहनों की बाजार हिस्सेदारी मार्च के 2.90 फीसदी से घटकर अप्रैल में 2.20 फीसदी रह गई। ई-दोपहिया की हिस्सेदारी भी 9.10 फीसदी से कम होकर 4 फीसदी पर आ गई।
ई-दोपहिया में 53.34 फीसदी की रही गिरावट
- फेम-2 योजना खत्म होने का असर न सिर्फ इलेक्ट्रिक यात्री गाड़ियों की बिक्री पर पड़ा है बल्कि ई-दोपहिया वाहनों की मांग में भी गिरावट आई है।
- अप्रैल में देशभर में सिर्फ 65,111 ई-दोपहिया बिके। यह आंकड़ा मार्च में बिके कुल 1,39,531 ई-दोपहिया वाहनों की तुलना में 53.34 फीसदी कम है।
- सालाना आधार पर इनकी बिक्री में 2.63 फीसदी की गिरावट आई है। अप्रैल, 2023 में कुल 66,873 ई-दोपहिया वाहन बिके थे।
इलेक्ट्रिक तिपहिया और वाणिज्यिक पर भी असर
फाडा के मुताबिक, पिछले महीने देशभर में कुल 42,030 ई-तिपहिया वाहन बिके। यह आंकड़ा मार्च में बिके 60,733 ई-तिपहिया वाहनों की तुलना में 30.84 फीसदी कम है। हालांकि, सालाना आधार पर बिक्री में 10.36 फीसदी की तेजी दर्ज की गई है। इस अवधि में ई-वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 76.27 फीसदी की गिरावट के साथ सिर्फ 510 रह गई। मार्च में कुल 2,149 ई-वाणिज्यिक वाहन बिके थे।
ई-वाहनों की बिक्री में मासिक आधार पर गिरावट की सिर्फ एक वजह है
सब्सिडी में कटौती। फेम-2 योजना में ई-दोपहिया पर 22,500 रुपये और ई-तिपहिया पर 1,11,505 रुपये सब्सिडी मिलती थी। इलेक्ट्रिक मोबिलिटी प्रमोशन स्कीम-2024 में यह घटकर क्रमशः 10,000 और 50,000 रुपये रह गई है। -मनीष राज सिंघानिया, अध्यक्ष, फाडा