Car Driving Tips: पहली बार कार सीखने वालों के काम आएंगे ये पांच खास टिप्स, जल्द बन जाएंगे मास्टर
अगर आप पहली बार कार चलाना सीख रहे हैं तो इस खबर में बताई गई पांच टिप्स आपके काम आ सकती है। इन टिप्स को फॉलो करके आप कार चलाने के मास्टर बन सकते हैं। जानिए क्या है टिप्स की पूरी डिटेल।
विस्तार
किसी भी नई चीज को सीखना हमेशा से मुश्किल रहा है और हर शख्स इससे दो-चार होता है। चाहे आप किसी खेल को पहली बार सीख रहे हो या फिर म्यूजिक सीख रहे हो, शुरूआत में सबको दिक्कत होती है। मगर एक बार आपने शुरूआत कर ली तो फिर धीरे-धीरे हर काम आसान लगते लगता है। ऐसे में अगर आप पहली बार कार चलाना सीख रहे हैं तो थोड़ी परेशानी हो सकती है। मगर आपको घबराने की जरूरत नहीं है। इस आर्टिकल में जानिए नई कार सीखने वालों को किन टिप्स का ध्यान रखना है।
कार के सभी उपकरणों के बारे में जानें
पहली बार कार चलाना सीख रहे हैं तो इससे पहले आपको अपनी कार के साथ अच्छे से तालमेल बैठाना होगा। जी हां, अगर आप अपनी कार के सभी उपकरणों के बारे में बेहतर ढंग से जानते हैं तो कार सीखने में अधिक परेशानी नहीं होगी। ऐसे में आपका वक्त और मेहनत दोनों की बचत होगी। सबसे पहले कार की एबीसी यानी एक्सेलेरेट, ब्रेक और क्लच की जानकारी होनी चाहिए। इसके साथ ही कार के गियर बॉक्स की भी अच्छी समझ होनी चाहिए।
कार सिस्टम की जानकारी हासिल करें
अगर आप पहली बार कार चलाना सीख रहे हैं तो कार के पूरे सिस्टम की सही जानकारी का होना काफी जरूरी है। कार का इंजन किस तरह से काम करता है और कार के डैशबोर्ड में कौन-कौन से फीचर्स मिलते हैं। डैशबोर्ड में मिलने वाले फीचर्स का किस तरह से इस्तेमाल करना है। साथ ही इन फीचर्स के यूज से क्या-क्या हो सकता है। जैसे ऑटोमैटिक क्लाईमेट कंट्रोल, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट सिस्टम और इंफोटेनमेंट सिस्टम आदि। अगर कार के डैशबोर्ड सिस्टम को समझ लिया तो नए ड्राइवर के लिए कार सीखना काफी हद तक आसान हो जाएगा। सड़क पर कार चलाने में ज्यादा परेशानी नहीं आएगी।
वाहन चलाने का सही तरीका
पहली बार कार चलाना सीख रहे हैं तो ड्राइवर सीट पर बैठने का सही तरीका मालूम होना चाहिए। हालांकि, हर ड्राइवर अलग-अलग तरीके से कार चलाता है। कार की स्टीयरिंग व्हील और गियर को सही ढंग से संभालना काफी जरूरी है, ताकि वाहन चालक को कार चलाने में किसी तरह की दिक्कत न हो।
यातायात नियमों का करें पालन
कई बार देखा गया है कि नए ड्राइवर यातायात नियमों का सही से पालन नहीं करते हैं। ऐसे में अगर आप कार चलाना सीख रहे हैं तो सभी ट्रैफिक नियमों का सही से पालन जरूर करें। ऐसा करने से खुद सुरक्षित ड्राइवर कर पाएंगे। साथ ही सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालक भी सुरक्षित रहेंगे।
लगातार करें अभ्यास
नया-नया कार चलाना सीख रहे हैं तो ऊपर बताए गए सभी टिप्स को फॉलो करें। साथ ही ड्राइविंग के बेहतर करने के लिए जितना हो सके, उतना अभ्यास करें। कार को कई बार किसी खुली और सुरक्षित सड़क पर चलाएं, ताकि ड्राइविंग में आ रही कोई भी रुकावट दूर हो सकें।