नई बुगाती वेरॉन में होगा 1600 bhp का इंजन
दुनिया की सबसे तेज रफ्तार कार बुगाती वेरॉन को जब पहली बार दुनिया के सामने पेश किया गया तो लांचिंग के दौरान मौजूद लोगों ने इसे इसकी रफ्तार और लुक के लिए खूब पसंद किया। हालांकि इसे बनाने वाली कंपनी बुगाती केवल सबसे तेज रफ्तार से दौड़ने वाली सुपर कार के टाइटल से संतुष्ट नहीं है।
अब कंपनी 1600bhp क्षमता वाली नई बुगाती वेरॉन के निर्माण पर काम कर रही है। नई कार के साथ ही कंपनी एक बार फिर से सबसे तेज रफ्तार वाली सुपर कार को बनाने का खिताब अपने नाम करने की तैयारी कर रही है। मौजूदा बुगाती की 1,184bhp क्षमता है। कंपनी का दावा है कि नई मॉडल की टॉप स्पीड 465 किमी. प्रति घंटा की होगी। हाल में बुगाती वेरॉन की स्पीड 431.072 किमी. प्रति घंटा है।
यह कार 0 से 100 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार महज 1.8 सेकेंड में पकड़ लेगी। डिजाइनर बुगाती की नई कार का वजन 250 किलो तक कम करने और इंजन का साइज बढ़ाने की तैयारी में हैं, जिससे इसके इंजन की परफारमेंस पहले से अच्छी की जा सके। खबरों के मुताबिक नई वेरॉन में w16 क्वाड टर्बो चार्जड इंजन ही इस्तेमाल किया जाएगा, लेकिन यह इंजन 9.6 लीटर का होगा।
नई कार के डिजाइन में भी कुछ बदलाव किया जा सकता है। चीफ व्हीकल इंजीनियर जेंस शूलनबर्ग ने कहा कि हम नई अगली सुपर स्पोटर्स कार को तैयार करने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती इसका वजन कम करने की हैं। हम कु्छ नई टेक्नोलॉजी देख रहे हैं।