होंडा जल्द लांच करेगी प्रीमियम स्कूटर PCX150
होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (एचएमएसआई) भारतीय बाजार में अपना पहला स्कूटर 'एक्टिवा' लांच करने के बाद दिन पर दिन अपनी बेहतरी पर ध्यान दे रही है। मौजूदा समय में कंपनी के बाजार में 110cc वाले तीन स्कूटर होंडा एक्टिवा, एविएटर और डियो हैं, तीनों की ही बाजार में आरामदायक और किफायती टू-व्हीलर के रूप में पहचान है।
दो दशक बाद अपने पार्टनर हीरो मोटोकार्प से अलग होने के बाद होंडा भारतीय बाजार में अपने कारोबार को बढ़ाने पर ध्यान दे रही है। ड्रीम युगा की लांचिंग के बाद कंपनी अब भारतीय बाजार में पहले से ज्यादा पॉवरफुल और प्रीमियम स्कूटर की लांचिंग की तैयारी कर रही है। सूत्रों के मुताबिक होंडा अपने नए स्कूटर को 2013 के मध्य तक बाजार में पेश कर देगी।
होंडा का नया स्कूटर मौजूदा मॉडल से ज्यादा पॉवरफुल, स्टाइलिश और परफारमेंस में बेहतर होगा। इस स्कूटर का नाम PCX150 हो सकता है। होंडा PCX150 में 150cc का सिंगल सिलेंडर लिक्विड-कूल्ड इंजन होगा। इसका 43 किमी. प्रति लीटर तक का माइलेज देगा। होंडा के अपकमिंग स्कूटर का वजन करीब 128 किलो ग्राम और हेंडल बाइक की तरह होगा।
होंडा PCX150 की फ्यूल टैंक क्षमता 6 लीटर होगी। इसमें कई ऐसे फीचर होंगे, जिससे यह प्रीमियम स्कूटर की रेंज में शामिल होगा। ऐसी उम्मीद की जा रही है कि कंपनी इसे अपने हरियाणा के मानेसर स्थित प्लांट में तैयार कर रही है। स्कूटर की कीमत 75,000 रुपये के आसपास होने की संभावना है। इसके साथ ही होंडा भारतीय बाजार में नई CBR500R बाइक को भी लांच करने की तैयारी में है।